आंचल दुग्ध संघ ने 20 लाभार्थियों को दी 2.98 लाख की आर्थिक सहायता

Date:

आंचल दुग्ध संघ ने 20 लाभार्थियों को दी 2.98 लाख की आर्थिक सहायता

हल्द्वानी, 31 मार्च (हि.स.)। नैनीताल आंचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने मंगलवार को दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों और दुग्ध समितियों से जुड़े कर्मचारियों को आर्थिक सहायता प्रदान की। संघ की ओर से 20 लाभार्थियों को कुल 2 लाख 98 हजार रुपये की सहायता राशि वितरित की गई।

संघ के प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। यह सहायता उन लोगों को दी गई, जो आकस्मिक घटनाओं, गंभीर बीमारी अथवा पशुधन की क्षति जैसी परिस्थितियों से प्रभावित हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, गौशाला में आग लगने से 10 पशुओं की मृत्यु, गुलदार के हमले तथा अन्य कारणों से पशुधन की हानि झेलने वाले पशुपालकों को राहत दी गई। इसके अतिरिक्त गंभीर बीमारी से जूझ रहे सात दुग्ध उत्पादकों एवं पशुपालकों को भी आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।

संघ की ओर से लाभार्थियों को 25 हजार, 21 हजार, 15 हजार, 12 हजार और 10 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए। सहायता मिलने के बाद लाभार्थियों ने इसे कठिन समय में महत्वपूर्ण सहारा बताया और संघ के प्रति आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ अपने दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों के प्रति प्रतिबद्ध है और किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। उन्होंने भविष्य में भी जरूरतमंदों के साथ सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी प्रबंधक उमेश पठानी, सुभाष बाबू, शांति कोरंगा, पूरन चंद्र मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक, पशुपालक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related