इंदिरा हृदयेश की जयंती पर उनके योगदान को किया गया याद

Date:

इंदिरा हृदयेश की जयंती पर उनके योगदान को किया गया याद

हल्द्वानी, 24 मार्च (हि.स.)। स्वराज आश्रम में मंगलवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ.इंदिरा हृदयेश की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उनके योगदान को याद करते हुए विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को नमन किया।

विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी माताजी को याद करते हुए कहा कि वह गरीब,जरूरतमंद और हर वर्ग के लोगों के साथ परिवार की तरह खड़ी रहती थीं। उन्होंने कहा कि आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से उनका सीधा जुड़ाव तथा स्वच्छ राजनीति की राह दिखाना सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण, बेरोजगारों को रोजगार और हल्द्वानी के समग्र विकास में उनके योगदान को उल्लेखनीय बताया।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी डॉ. हृदयेश को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके समर्पण, सादगी और दृढ़ नेतृत्व ने उत्तराखंड की राजनीति में विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि जनसेवा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और प्रदेश के विकास में उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

वक्ताओं ने कहा कि डॉ. इंदिरा हृदयेश ने हल्द्वानी के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और जनसेवा की भावना ने शहर के समग्र विकास में अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके जीवन को सेवा, संघर्ष और समर्पण का आदर्श बताते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

गौरतलब है कि डॉ. इंदिरा हृदयेश का जन्म 24 मार्च 1941 को इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ था। उन्होंने उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड की राजनीति में लंबा योगदान दिया। विधायक, मंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। 13 जून 2021 को नई दिल्ली में उनका निधन हो गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related