बृजेंद्र मेहता हल्द्वानी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तराखंड आध्यात्म और आधुनिकता का संगम बन रहा है। उन्होंने कहा कि यह देवभूमि आस्था, अध्यात्म, ऋषि-मुनियों और तपस्वियों की भूमि रही है। यहां के लोग सौम्य, परिश्रमी और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हैं। रक्षा मंत्री शनिवार को हल्द्वानी में धामी सरकार के चार साल पूरे होने पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।उन्होंने भाजपा के ‘मिशन 2027’ का शंखनाद किया। अपने 36 मिनट के संबोधन में रक्षा मंत्री ने साफ संकेत दिए कि अब पार्टी पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी है। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और राज्य सरकार के तालमेल ने उत्तराखंड को तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ाया है, जहां आध्यात्म और आधुनिकता का संतुलित संगम दिखाई देता है।
राजनीतिक तौर पर हल्द्वानी की यह रैली भाजपा की स्पष्ट रणनीति का संकेत देती है, जिसमें विकास, राष्ट्रवाद, सामाजिक संतुलन और सुरक्षा जैसे मुद्दों को मिलाकर व्यापक जनसमर्थन जुटाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी अब संगठन और सरकार दोनों के प्रदर्शन के दम पर 2027 में सत्ता की हैट्रिक लगाने की दिशा में पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ती दिख रही है।विकास मॉडल पर जोर, बड़े प्रोजेक्ट गिनाएरक्षा मंत्री ने राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि चारधाम ऑलवेदर रोड, जमरानी बांध, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट उत्तराखंड की तस्वीर बदल रहे हैं। राजनाथ के अनुसार, इन परियोजनाओं से पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिल रही है और राज्य विकसित उत्तराखंड की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।सैनिकों-पूर्व सैनिकों पर विशेष फोकसपूर्व सैनिकों को साधते हुए उन्होंने कहा कि वन रैंक वन पेंशन लागू कर केंद्र सरकार ने लंबे समय से लंबित मांग पूरी की है। साथ ही सैन्य धाम निर्माण, वीरता पुरस्कार विजेताओं की अनुग्रह राशि में वृद्धि और शहीद परिवारों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को उन्होंने सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया। यह संदेश साफ था कि भाजपा राज्य के मजबूत सैनिक वोट बैंक को अपने साथ बनाए रखने पर विशेष ध्यान दे रही है।उत्तराखंड को ‘नारी शक्ति की भूमि’ बतायाउत्तराखंड की रानी कर्णावती, गौरा देवी, बछेन्द्री पाल, पद्मश्री बसंती बष्टि, वंदना कटारिया का जिक्र करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि इनकी उपलब्धियों का लोहा दुनिया ने माना है। यह सिर्फ देवभूमि नहीं, बल्कि नारी शक्ति की भूमि भी है। इन बेटियों ने महिला सशक्तिकरण का संदेश पूरे भारत में जाता है। सरकारी सेवाओं में भी निरंतर महिलाओं की भागीधारी बढ़ रही है। यहां महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का काम किया गया है। धामी सरकार ने साढ़े उन्नीस हजार करोड़ में जेंडर बजट पेश किया है।अवैध घुसपैठ पर सख्त संदेशअवैध घुसपैठ के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘देवभूमि में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है’ और राज्य सरकार ने इस दिशा में ठोस कार्रवाई की है। साथ ही समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को उन्होंने साहसिक और दूरदर्शी कदम बताते हुए उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बताया।

