उर्जा निगम की लापरवाही से लोगों को मिले गलत बिल
रीडिंग लेने के बाद भी स्पॉट मशीन से लोगों को दिए माइनस और कम धनराशि

हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। ऊर्जा निगम की लापरवाही ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। घरों में मीटर की रीडिंग लेने के बाद माइनस और कम धनराशि के बिल उपभोक्ताओं को दिए गए हैं। वहीं बिल जमा करने के लिए काउंटर पर जाने के बाद विभागीय कार्मिक ज्यादा धनराशि होने की जानकारी दे रहे हैं। इससे अब बिल सही कराने के लिए कार्यालय के चक्कर लगाना मजबूरी बन गया है। ऊर्जा निगम मीटर रीडिंग के बाद मौके पर ही स्पॉट मशीन से उपभोक्ताओं को बिल देता है। फरवरी में लोगों को विभाग से माइनस और कम धनराशि के बिल दिए गए हैं।
रानीबाग निवासी पूरन सिंह को 226 रुपये माइनस का बिल मिला। इसे लेकर जब वह विभाग के काउंटर पर गए तो बताया गया कि उन्हें 242 रुपये का बिल जमा करना है। शीशमहल निवासी पुष्पा पांडे को विभागीय कर्मियों ने 324 रुपये का बिल सौंपा। इसे जमा करने पर जानकारी दी गई कि उन्हें 865 रुपये का भुगतान करना है। ऐसे ही बिल बिठौरिया निवासी मनोज मठपाल और पॉलीशीट के संजय बिष्ट को मिले हैं। हर दिन कई लोग गलत बिल दिए जाने की शिकायत लेकर विभाग के कार्यालय पहुंच रहे हैं। ऐसे में विभागीय लापरवाही से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। बिल ठीक कराने के लिए विभाग के चक्कर लगाना मजबूरी बन गया है। गलत बिल दिए जाने का मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच की जा रही है। उपभोक्ताओं के बिल सही किए जा रहे हैं। – प्रदीप कुमार, अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम शहरी

