नैनीताल में बीती रात ओलावृष्टि और तेज तूफान के कारण बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। 13 घंटे से अधिक समय से शहर के कई इलाकों में बिजली नहीं है, जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी बिजली बहाली की मांग कर रहे हैं।

नैनीताल। बीती रात हुई ओलावृष्टि और तेज तूफान के बाद नैनीताल शहर में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। पिछले करीब 13 घंटों से शहर के कई इलाकों में बिजली गुल रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार रात हुई तेज बारिश, ओलावृष्टि और आंधी के कारण बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई, जिसके चलते सोमवार सुबह तक भी शहर के कई हिस्सों में बिजली बहाल नहीं हो पाई। पूरी रात बिजली न होने के कारण लोगों को अंधेरे में ही रात गुजारनी पड़ी। बिजली न होने से सोमवार सुबह लोगों को बच्चों को स्कूल भेजने और अपने दफ्तर जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें
स्थानीय निवासी भावना देवी ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे से ही बिजली नहीं है, जिसके कारण उन्हें पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ी। उन्होंने कहा कि सुबह बच्चों को स्कूल भेजने में भी काफी परेशानी हुई। वहीं, एक अन्य स्थानीय निवासी हेमा देवी ने बताया कि शहर में हल्की बारिश होने पर भी अक्सर बिजली चली जाती है। बीती रात तेज बारिश और तूफान के कारण उन्हें पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ी। स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।


