कालाढूंगी में बोर पुल पर पलटी कार, पांच घायल
कालाढूंगी, संवाददाता। कालाढूंगी-हल्द्वानी मार्ग पर गुरुवार सुबह करीब दस बजे एक कार अनियंत्रित होकर बोर

कालाढूंगी, संवाददाता। कालाढूंगी-हल्द्वानी मार्ग पर गुरुवार सुबह करीब दस बजे एक कार अनियंत्रित होकर बौर पुल से टकराकर बीच पुल में पलट गई। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए पुल पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने कार को हटवा कर यातायात शुरू कराया। पुलिस के मुताबिक, खटीमा निवासी 43 वर्षीय ललित जोशी अपनी 74 वर्षीया मां जानकी जोशी, 37 वर्षीय पत्नी रश्मि जोशी, 12 वर्षीय पुत्री अवनी और 21 वर्षीय अनुष्का के साथ ढिकुली रामनगर से एक विवाह समारोह में शामिल होने गए थे।
गुरुवार सुबह टैक्सी से अपने घर लौट रहे थे। वहीं कार चालक रुद्रपुर निवासी हारून पुत्र याकूब था। सुबह करीब दस बजे उनकी कार बौर पुल से टकराकर पुल के बीच पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने सभी लोगों को कार से बाहर निकाला। कार चालक ने बताया कि हादसे में पूर्व अचानक उसकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पुलिस से टकरा गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायल को सीएचसी कालाढूंगी पहुंचा। एसएसआई पंकज जोशी ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी। गनीमत रही की हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

