कैसे होती है कोडवा शादी? क्या है वो खास जनजाति परंपरा जिससे एक हुए रश्मिका-विजय

Date:

एक्टर विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री रश्मिका मंदाना गुरुवार को एक-दूजे के हो गए. उदयपुर के शानदार शाही अंदाज में दोनों ने जीवन साथ गुजारने का फैसला लिया और इस तरह फिल्मी दुनिया के एक पावर कपल की शादी चर्चा में रही. लेकिन, इसी शादी के साथ चर्चा में आया है कोडवा समाज भी. 

कर्नाटक के हरे-भरे पहाड़ों और कॉफी के बगानों के बीच बसे कोडगु (कूर्ग) इलाके में बसने वाली जनजाति है कोडवा. एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना इसी समुदाय से आती हैं. विजय देवरकोंडा से उनकी शादी पहले तेलुगु की पारंपरिक रस्मों के साथ हुई. जिसमें सप्तपदी, मंगलसूत्र, शृंगार और मंत्र-श्लोक जैसी परंपराएं शामिल रहीं. यह उत्तर भारतीय परंपराओं से कुछ मेल खाता ट्रेडिशन है.

इसके बाद शाम को दोनों की शादी रश्मिका मंदाना की कोडवा जनजाति की कोडवा परंपरा से भी हुई. इसके बाद ही दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन की डोर में बंध सके. कोडवा समाज की शादी कैसे होती है, ये जानने के साथ यह भी जानना जरूरी है कि कोडवा जनजाति की परंपरा क्या है?

सम्बंधित ख़बरें

वीरता और गौरवशाली परंपरा से जुड़ी है कोडवा जनजाति
कोडवा कर्नाटक के कोडगु (जिसे कूर्ग भी कहते हैं) इलाके की प्रमुख और गौरवशाली जनजाति है. कोडवा समाज की पहचान अपनी समृद्ध परंपराओं, वीरता, अनोखे पहनावे और खास शादी की रस्मों से है. कोडवा लोग अपनी अलग भाषा “कोडवा तक्क” बोलते हैं, जो कन्नड़ से अलग है और उनकी खास अलग पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है.

Kodwa Karnataka
कोडवा जनजाति वीरता का पर्याय मानी जाती है, सामूहिक कार्यक्रमों में पुरुषों का परिधान

इतिहास में झांककर देखें तो कोडवा लोगों की जड़ें प्राचीन योद्धा परंपराओं से जुड़ी रही हैं. यही कारण है कि इस समुदाय में सैन्य परंपरा और हथियारों का विशेष महत्व है. कई कोडवा परिवारों में आज भी पारंपरिक हथियारों को सम्मान के साथ संभालकर रखा जाता है. कोडवा समुदाय को भारत के सबसे बहादुर समुदायों में गिना जाता है. बड़ी संख्या में कोडवा पुरुष भारतीय सेना में रहे हैं. भारत के पहले कमांडर-इन-चीफ रहे के. एम. करियप्पा और जनरल के. एस. थिमैया जैसे जांबाज, बहादुर और जाने-माने सैन्य अधिकारी इसी समुदाय से थे.

कोडवा संस्कृति में हथियार केवल रक्षा के साधन नहीं, बल्कि सम्मान और आत्मगौरव का प्रतीक हैं. उनके प्रमुख त्योहार ‘कैलपोड’ में हथियारों की पूजा की जाती है. यह परंपरा उनके योद्धा इतिहास की झलक देती है.

कोडवा समाज की एक खास बात है, उनका ‘ओक्का’ सिस्टम. ओक्का यानी संयुक्त परिवार या कबीलाई व्यवस्था. हर परिवार का एक पैतृक घर होता है जिसे ‘ऐनमने’ कहा जाता है. यह केवल घर नहीं, बल्कि पूरे कबीले की पहचान और इतिहास का प्रतीक होता है. परिवार में बुजुर्गों को खास सम्मान दिया जाता है और निर्णय सामूहिक रूप से लिए जाते हैं. महिलाओं को भी समाज में महत्वपूर्ण स्थान मिला हुआ है. कोडवा समाज अपेक्षाकृत प्रगतिशील माना जाता है, जहां महिलाओं की भागीदारी सामाजिक और पारिवारिक निर्णयों में स्पष्ट दिखाई देती है.

कोडवा पुरुषों और महिलाओं का पारंपरिक पहनावा बेहद अलग और आकर्षक होता है. कोडवा पुरुष ‘कुप्पया’ नाम का एक लंबा कोट पहनते हैं, जिसे कमर पर पट्टे से बांधा जाता है. इसके साथ सिर पर खास तरह की पगड़ी (मंडे तुनी) और कमर में पारंपरिक खंजर (ओडी काठी) लगाया जाता है. यह पहनावा उनकी वीरता और योद्धा पहचान को सामने रखता है.
कोडवा महिलाओं की साड़ी पहनने की शैली अन्य दक्षिण भारतीय समुदायों से अलग होती है. वे साड़ी को पीछे से पल्लू आगे लाकर बांधती हैं. यह शैली उन्हें भीड़ में अलग पहचान देती है. शादी या त्योहारों में महिलाएं सोने के पारंपरिक आभूषण पहनती हैं, जिनमें “कसिना सारा” (सोने के सिक्कों की माला) प्रमुख है.

कैसा है कोडवा समुदाय का खान-पान

कोडवा भोजन में स्थानीय मसालों और मांसाहारी व्यंजनों का प्रमुख स्थान है. चूंकि कोडगु क्षेत्र कॉफी और मसालों के लिए प्रसिद्ध है, इसलिए यहां के खाने में इनकी सुगंध झलकती है. सबसे प्रसिद्ध व्यंजन है ‘पंडी करी’ (पोर्क करी). यह मसालेदार और गाढ़ी ग्रेवी में पकाई जाती है. इसके अलावा चावल के व्यंजन, कड़ंबुट्टू (चावल के गोल बॉल्स), नूलपुट्टू (चावल से बनी सेवई) और बांस की कोपलों से बने व्यंजन भी लोकप्रिय हैं. कोडवा लोग त्योहारों और शादियों में पारंपरिक रूप से मांसाहारी भोज का आयोजन करते हैं, जिसमें पूरा कबीला शामिल होता है.

Kodwa Karnataka
कोडवा समुदाय के पारंपरिक विवाह के दौरान की एक रस्म, जिसमें दूल्हा, दुल्हन पर चावल और फूल बरसाता है 

कोडवा समुदाय के तीन प्रमुख त्योहार हैं – पुत्तारी (फसल उत्सव), कैलपोड (हथियार पूजा) और कावेरी संक्रामना. कावेरी संक्रामना में कावेरी नदी को मां के रूप में पूजा जाता है. यह त्योहार कोडवा लोगों के प्रकृति-प्रेम और नदी के प्रति श्रद्धा को बताता है. पुत्तारी फसल कटाई का उत्सव है, जिसमें नए धान की पूजा की जाती है. परिवार के सभी सदस्य पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होते हैं और सामूहिक भोज का आयोजन होता है.

कैसे होती है कोडवा शादी?
अब आते हैं शादी की परंपरा पर. कोडवा समुदाय की शादी में सादगी दिखाई देती है और प्रकृति से जुड़ाव भी. जो इनकी विवाह परंपरा को समृद्ध बना देता है. यहां विवाह को केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो ओक्का (कबीले) का मिलन माना जाता है. शादी से पहले दोनों परिवारों के बुजुर्ग बैठकर सहमति तय करते हैं. ज्योतिष का महत्व कम ही होता है, बजाय इसके परिवार, परंपरा और सामाजिक सामंजस्य के साथ नए जोड़ों का आपसी सामंजस्य अधिक मायने रखता है. 

ये शादियां ‘ऐनमने’ यानी पैतृक घर में ही संपन्न होती हैं. अगर शादी कहीं बाहर होती भी है तो भी ऐनमने में जाकर आशीर्वाद लेना ही होता है. यह इस बात का प्रतीक है कि विवाह परिवार और परंपरा के बीच हो रहा है, न कि केवल औपचारिक आयोजन के रूप में. इस दौरान दूल्हा पारंपरिक कुप्पया पहनता है, कमर में ओडी काठी लगाता है और सिर पर पगड़ी बांधता है. दुल्हन विशेष शैली में साड़ी पहनती है और सोने के आभूषण पहनती है, जिसमें सिक्के जैसी माला उसके गहनों को खास बनाता है. 

Kodwa Karnataka
कोडवा परिधान में सजे-धजे एक युगल का मिनिएचर

उत्तर भारतीय परंपरा से कितनी अलग?
कोडवा विवाह में अग्नि के सात फेरे जैसी उत्तर भारतीय परंपरा नहीं होती. इसके बजाय परिवार के बुजुर्ग आशीर्वाद देते हैं. एक महत्वपूर्ण रस्म में दूल्हा-दुल्हन को चावल और फूलों से आशीर्वाद दिया जाता है. दूल्हा, अपनी दुल्हन को पत्नी की तौर पर अपनाने के लिए उसके सिर से अक्षत और फूलों की बारिश करता है, उन्हें नवारता है. यह एक तरीके से मांग भरने जैसी परंपरा है. इसके बाद दोनों एक हो जाते हैं. 

विवाह के दौरान पारंपरिक गीत और “उम्मत्ताट” नाम का एक फोकडांस किया जाता है. हथियारों की मौजूदगी भी इस विवाह समारोह का हिस्सा होती है, जो उनके योद्धा इतिहास से जुड़ा हुआ है. 

—- समाप्त —-

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Flow interrupted: Lifeline of 1.5 cr people facing a dry spell | Lucknow News – The Times of India

Lucknow: Gomti, the lifeline for 1.5 crore people and...

Myriad facets depicted in artwork at ‘Kala Drishya’ | Lucknow News – The Times of India

Lucknow: Based on themes of memory, struggle and complexities...

‘Pvt schools won’t force parents to buy books from specific shops’ | Lucknow News – The Times of India

TNNLucknow: The Unaided Private Schools Association (UPSA) on Sunday...

Man, 3-year-old son shot at by unidentified assailants in Sitapur | Lucknow News – The Times of India

Lucknow: Unidentified assailants shot a man and his 3-year-old...