छात्रों ने नंधौर अभयारण्य में वाइल्डलाइफ सफारी की
प्रकृति और जैव विविधता से रूबरू हुए विद्यार्थी नैनीताल–चम्पावत के 150 से अधिक छात्र हुए

हल्द्वानी मुख्य संवाददाता। विद्यार्थियों को प्रकृति, जैव विविधता और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नंधौर वन्यजीव अभयारण्य में तीन दिवसीय विशेष शैक्षिक वाइल्डलाइफ सफारी कार्यक्रम शनिवार से शुरू हुआ। नौ मार्च तक चलने वाले इस कार्यक्रम में नैनीताल और चम्पावत जनपद के विभिन्न विद्यालयों के करीब 150 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। हल्द्वानी के दिव्यांग बच्चों को भी इसमें विशेष रूप से शामिल किया गया है। कार्यक्रम के तहत नंधौर रेंज में आयोजित जागरूकता गतिविधियों में जूनियर हाई स्कूल लाखनमंडी, चोरगलिया के 35 विद्यार्थी और दो अध्यापिकाएं तथा जूनियर हाई स्कूल बसानी के 21 विद्यार्थी और छह शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए।
वन विभाग की ओर से स्वागत कक्ष में प्रस्तुति और चित्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को क्षेत्र की जैव विविधता, वन्यजीवों और वन प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद बच्चों को बटरफ्लाई पार्क का भ्रमण कराया गया, जहां विभिन्न तितली प्रजातियों और उनके जीवन चक्र के बारे में बताया गया। इसके अलावा विद्यार्थियों को नंधौर नदी क्षेत्र में लेजाकर गोल्डन महाशीर मछली के संरक्षण और नदी की पारिस्थितिकी से अवगत कराया गया। सुनखेड़ी टावर और ट्री हाउस से जंगल का अवलोकन भी कराया गया। अंत में ड्राइंग प्रतियोगिता आयोजित कर छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

