ट्रेन में महिला यात्री के बैग से नकदी और डायमंड रिंग चोरी
हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री से अज्ञात शातिरों ने मदद के बहाने 12 हजार रुपये और एक डायमंड रिंग चुरा ली। महिला, जो गोरखपुर से आई थी, ने जीआरपी को शिकायत दी है। मामले की जांच चल रही है।

हल्द्वानी। गोरखपुर से हल्द्वानी आ रही एक महिला यात्री से हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पर अज्ञात शातिरों ने बैग उतारने में मदद करने के बहाने हजारों की नकदी और डायमंड रिंग पार कर ली। महिला यात्री की शिकायत पर जीआरपी ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हजारीपुर, गोरखपुर निवासी स्वीटी जायसवाल ने जीआरपी को तहरीर देकर कहा कि 26 फरवरी को गोरखपुर से हल्द्वानी की बाघ एक्सप्रेस के कोच संख्या A1 में यात्रा कर रही थी। आरोप है कि 27 फरवरी को जब ट्रेन हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली थी, तो सुबह 9:50 बजे वह अपना समान ट्राली बैग व हैंडबैग लेकर अपनी सीट से उठकर कोच के दरवाजे के पास आकर खड़ी हो गई थी।
इस दौरान चार संदिग्ध व्यक्ति महिला के पास आए और बैग उतारने में मदद करने की बात कही। विश्वास में आकर महिला ने हां कर दी। इसी दौरान धोखे से शातिरों ने महिला के बैग से 12 हजार रुपये नकद और एक डायमंड रिंग चोरी कर ली। मुखानी में अपने रिश्तेदारी में पहुंचने पर महिला को चोरी की घटना के बारे में पता लगा। जीआरपी थानाध्यक्ष कमल कोरंगा ने बताया कि मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

