दिल्ली-यूपी में ‘तंत्र-मंत्र’ के नाम पर मौत का खेल, कमरुद्दीन की खौफनाक करतूतें उजागर

Date:

दिल्ली के पीरागढ़ी ट्रिपल मर्डर केस में गिरफ्तार कमरुद्दीन को लेकर जांच में लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि कमरुद्दीन ने करीब साल 2010 में उत्तर प्रदेश में अपने गुरु से तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर यह अवैध और खतरनाक तरीका सीखा था. इसके बाद उसने लोगों की मजबूरी और विश्वास का फायदा उठाकर मौत का खेल शुरू कर दिया.

पुलिस जांच के मुताबिक, कमरुद्दीन का पहला ज्ञात शिकार राजस्थान का एक दंपती था, जो संतान न होने की समस्या से परेशान था. दंपती ने इलाज के लिए कमरुद्दीन से संपर्क किया था. आरोप है कि कमरुद्दीन के कहने पर महिला के पति ने ही उसकी हत्या कर दी. यह मामला अब पुलिस जांच का हिस्सा है.

यह भी पढ़ें: कार में तीन लाशें, फिरोजाबाद में दो कत्ल! ट्रिपल मर्डर के आरोपी को दिल्ली पुलिस फिरोजाबाद लेकर पहुंची

सम्बंधित ख़बरें

लड्डू, अंडे और झूठा तंत्र-मंत्र

पुलिस के अनुसार, कमरुद्दीन अपने तथाकथित तांत्रिक अनुष्ठानों में बेसन के लड्डू और अंडों का इस्तेमाल करता था. वह इन्हीं के जरिए लोगों को भ्रम में रखता और अपने जाल में फंसाता था. अब तक की पूछताछ में कमरुद्दीन ने तीन मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है, हालांकि जांच एजेंसियों को आशंका है कि पीड़ितों की संख्या इससे कहीं ज्यादा हो सकती है.

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कमरुद्दीन के परिवार के अन्य सदस्यों की इस पूरे नेटवर्क में क्या भूमिका रही है. परिवार के लोगों की भूमिका को लेकर अलग से जांच चल रही है.

कमरुद्दीन

दिल्ली और यूपी में फैला नेटवर्क

जांच में सामने आया है कि कमरुद्दीन के ज्यादातर ‘क्लाइंट’ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के थे. लोग सिर्फ पैसों से जुड़ी समस्याओं के लिए ही नहीं, बल्कि निजी और पारिवारिक परेशानियों को लेकर भी उसके पास पहुंचते थे. पुलिस अब ऐसे अन्य पीड़ितों की पहचान में जुटी है, जो उसके संपर्क में आए थे.

इसके साथ ही कमरुद्दीन की आर्थिक जांच भी की जा रही है. शुरुआती जांच में उसके कुछ संपत्तियों का पता चला है, जिनकी जांच शुरू कर दी गई है.

कार से मिले सबूत, फॉरेंसिक जांच जारी

दिल्ली पुलिस ने आरोपी की कार से कई अहम सबूत बरामद किए हैं, जिनमें गिलास, शराब की बोतल, कार मैट, कुछ नकदी और पीड़ितों के पहचान पत्र शामिल हैं. इन सभी सबूतों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है. बरामद निजी सामान से यह भी संकेत मिला है कि पीड़ित लक्ष्मी और शिवनरेश भी किसी तरह के तंत्र-मंत्र में विश्वास रखते थे.

गौरतलब है कि यही कमरुद्दीन मई 2025 में फिरोजाबाद के मक्खनपुर थाना क्षेत्र में दो लोगों को जहर देकर मारने के मामले में भी आरोपी है. उस केस में वह जेल जा चुका है और फिलहाल दिल्ली पुलिस उसे उसी सिलसिले में फिरोजाबाद लेकर आई है. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं.

—- समाप्त —-

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related