न घर पहुंच रही गैस न गोदाम में मिल रहा सिलेंडर
हल्द्वानी में गैस सिलेंडर की डिलीवरी को लेकर उपभोक्ताओं में हाहाकार मचा हुआ है। लोग तीन दिनों से सिलेंडर के लिए एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन न तो घर पर डिलीवरी हो रही है और न ही गोदाम से मिल रहा है। प्रशासन के दावे भी झूठे साबित हो रहे हैं।

हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। सुबह साढ़े दस बजे ज्वाला भारत गैस एजेंसी पर सिलेंडर के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा था। रसोई में चाय की केतली चढ़ाने के बजाय लोग साइकिल, स्कूटी, बाइक और कार से यहां सिलेंडर के लिए पहुंचे थे। उपभोक्ताओं का कहना था कि गैस सिलेंडर न तो घर पर डिलीवर हो रहा है और न ही गोदाम से मिल रहा। यह हाल तब है तब यहां पहुंचे लोगों के पास डीएससी कोड और केवाईसी की प्रक्रिया पूरी थी। छड़ायल की भारत गैस एजेंसी में उदय लालपुर से स्कूटी में सिलेंडर लेकर पहुंची उमा खेतवाल का कहना था कि तीन दिन से वह गोदाम के चक्कर काट रही हैं।
न सिलेंडर घर पर आ रहा है न ही गोदाम से मिल रहा है। जाएं तो कहां जाएं। छड़ायल निवासी आयुष चंद्र ने बताया कि एक हफ्ते पहले सिलेंडर की बुकिंग कराई थी। अब तक उन्हें गैस नहीं मिल सकी है। गाड़ी भी उनके घर की ओर नहीं आ रही। शीशमहल इंडेन एजेंसी में भी शनिवार सुबह से गैस की बुकिंग कराने वालों की भीड़ रही। लोगों का कहना था कि मोबाइल पर डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड भी आ चुका है, लेकिन गैस नहीं मिल रही। एजेंसी या गाड़ी वालों को फोन लगाते हैं तो फोन कट जाता है या स्विच ऑफ आता है। थर हार कर लोग मायूस वापस लौट रहे हैं। सरस बाजार में इंडेन गैस एजेंसी पर भी शनिवार को बुकिंग और केवाईसी के लिए भीड़ लगी रही।बोले उपभोक्ता:गैस बुकिंग किए हुए एक हफ्ता गुजर चुका है। न घर पर गैस पहुंच पा रही न ही गोदाम से मिल रही है। ऐसे में करें तो क्या करें। प्रशासन के दावे झूठे साबित हो रहे हैं।पूनम, कठघरिया। (फोटो)लगातार तीन दिन से स्कूटी पर खाली सिलेंडर ढो रही हूं। मेरे पास डीएससी कोड भी है, लेकिन न तो गैस की होम डिलीवरी हो रही है न गोदाम पर सिलेंडर मिल रहा है।उमा खेतवाल, उदय लालपुर। (फोटो)सुबह नौ बजे से एजेंसी में सिलेंडर के लिए राह ताक रही हूं। कई दिनों से गैस की होम डिलीवरी किए जाने का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन सभी दावे फेल हैं।उमा शर्मा, काठगोदाम। (फोटो)शहरों में लगातार गैस की डिलीवरी हो रही है, लेकिन हमारे घर की तरफ गैस का वाहन ही नहीं आ रहा। प्रशासन को इसका संज्ञान लेना चाहिए, ताकि राहत मिल सके।भावना बोहरा, चारधाम कॉलोनी। (फोटो)कोट:एजेंसी संचालकों को बुकिंग के आधार पर सप्लाई नियमित देने के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ताओं को थोड़ा सब्र रखना होगा, ताकि पेनिक स्थिति न बने।राहुल डांगी, पूर्ति निरीक्षक


