रुद्रपुर में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत के विरोध में महिलाओं ने हल्द्वानी-रामपुर रोड पर प्रदर्शन किया।
उत्तराखंड के रुद्रपुर में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत के विरोध में महिलाओं ने हल्द्वानी-रामपुर रोड पर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने सड़क पर गैस सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया।
.
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने प्रशासन और गैस एजेंसियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका आरोप है कि बुकिंग और ऑनलाइन भुगतान के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। कई महिलाओं ने बताया कि वे सुबह 5 बजे से लाइन में लग रही हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। उन्होंने गैस एजेंसियों पर पर्ची न देने और समय पर आपूर्ति न करने के गंभीर आरोप लगाए।
कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें दूर स्थित गोदामों पर भेजा जाता है, जहां पहुंचने पर सिलेंडर खत्म होने की बात कही जाती है। इस समस्या से दिनेशपुर सहित आसपास के कई इलाके प्रभावित हैं। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया और उन्हें गैस एजेंसी कार्यालय ले जाया गया। शुरुआत में एजेंसी का गेट बंद था, जिसे प्रशासन ने खुलवाया।
प्रशासन ने सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। हालांकि, जमीनी हकीकत इससे अलग दिख रही है, क्योंकि कई दिनों तक लाइन में लगने के बावजूद लोगों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ रही है।
महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे अपने आंदोलन को और तेज करेंगी।

