वन विकास निगम फर्जीवाड़ा में कसा शिकंजा, पूर्व ऑपरेटर पर मुकदमा दर्ज, जानिए मामला
हल्द्वानी में उत्तराखंड वन विकास निगम में कार्यरत रहे पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज, जानिए क्या किया गड़बड़झाला
![]()
थाना मुखानी
(
फोटो सोर्स- ETV Bharat
)

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : April 9, 2026 at 4:50 PM IST
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में वन विकास निगम के एक पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है. विभागीय जांच में बायोमैट्रिक से छेड़छाड़, फर्जी बिल बनाकर सरकारी धन के गबन, फेक ईमेल और झूठी शिकायतों जैसे आरोप सिद्ध पाए गए हैं. ऐसे में अब प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ मुखाने थाने में मुकदमा दर्ज: दरअसल, हल्द्वानी में उत्तराखंड वन विकास निगम के अंतर्गत कार्यरत रहे पूर्व कंप्यूटर ऑपरेटर महेंद्र सिंह बिष्ट के खिलाफ गंभीर आरोपों के चलत वन विकास निगम ने मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद विवेचना भी शुरू कर दी है. प्रभागीय विक्रय प्रबंधक की ओर से थाना मुखानी को भेजी गई तहरीर में विभागीय जांच के आधार पर कई चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं.
जांच में हुए ये खुलासे: वहीं, जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कार्यालय में कार्यरत रहते हुए बायोमैट्रिक मशीन से छेड़छाड़ कर उपस्थिति रिकॉर्ड में गड़बड़ी की. इसके अलावा आरटीआई पोर्टल का पासवर्ड बदलकर उसे लॉक करने जैसी अनधिकृत गतिविधियां भी की गईं. मामले का सबसे गंभीर पहलू ये है कि आरोपी ने फर्जी रेस्टोरेंट के नाम से बिल और मोहर तैयार कर करीब 4,635 रुपए के सरकारी धन का गबन किया.
इतना ही नहीं उसने फर्जी ईमेल आईडी बनाकर अधिकारियों और सहकर्मियों के खिलाफ झूठी शिकायतें भेजीं और आपराधिक षड्यंत्र रचा. आरोपी पर ये भी आरोप है कि उसने कर्मचारियों को स्थानांतरण कराने का झांसा देकर वसूली की और ट्रू कॉलर पर वरिष्ठ अधिकारियों के नाम से फर्जी आईडी बनाकर लोगों को गुमराह किया. यहां तक कि एक कर्मचारी के नाम से अनुसूचित जाति आयोग में भी फर्जी शिकायतें भी भेजी गईं.
“तहरीर के आधार पर आरोपी ऑपरेटर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की विवेचना की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी.“- सुशील जोशी, एसओ, थाना मुखानी
ये भी पढ़ें-


