सड़क निर्माण में देरी पर कमिश्नर ने तलब की लोनिवि की रिपोर्ट
– भूमि, सड़क और अतिक्रमण मामलों पर की कार्रवाई – अवरोध हटाने और विभागीय जवाबदेही

हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया। भूमि विवाद, सड़क निर्माण, अतिक्रमण, पेयजल, धोखाधड़ी और प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सड़क निर्माण न होने से जुड़ी शिकायतों पर लोनिवि से रिपोर्ट तलब की। जनसुनवाई में रामपुर रोड निवासी मनोज मनराल के कॉलोनी गेट विवाद का मौके पर समाधान किया गया। वहीं प्रदीप जोशी और राजप्रीत कौर के भूमि संबंधी मामलों में राजस्व विभाग को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
सड़क निर्माण से जुड़े मामलों में घुघु सिगड़ी और कोटाबाग क्षेत्र की शिकायतों पर लोक निर्माण विभाग से रिपोर्ट तलब की गई। अधूरी सड़क कार्य पर संबंधित ठेकेदार को तलब कर जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए।खुरपाताल स्थित विद्यालय परिसर में अतिक्रमण के मामले में आयुक्त ने साझा उपयोग व्यवस्था लागू करने और स्वयं स्थलीय निरीक्षण करने की बात कही। बैंक और लोन से जुड़े मामलों में भी अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए। रामपुर रोड क्षेत्र में सार्वजनिक मार्ग पर अवरोध के मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हटाने के आदेश दिए गए।


