सड़क पुनर्निर्माण से पहले बिछानी होगी गैस पाइपलाइन
हल्द्वानी में नगर निगम क्षेत्र में सड़क पुनर्निर्माण से पहले गैस पाइपलाइन बिछाने की आवश्यकता है। मेयर गजराज बिष्ट ने एचपीसीएल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के बाद कोई और खुदाई की अनुमति नहीं होगी। नए वार्डों में सीवरेज और पेयजल योजनाओं का काम चल रहा है।

हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। नगर निगम क्षेत्र में खोदी गई सड़कों के पुनर्निर्माण से पहले गैस पाइपलाइन बिछानी होगी। मंगलवार को समीक्षा बैठक में मेयर गजराज बिष्ट ने इस संबंध में एचपीसीएल के अधिकारियों को निर्देश दिए। सड़क निर्माण होने के बाद नगर निगम लाइन डालने की अनुमति नहीं देगा। नगर निगम के नए वार्डों में सीवरेज और पेयजल योजना का काम किया जा रहा है। इसके लिए खोदी गई सड़कों का अब पुनर्निर्माण किया जा रहा है। वहीं इन क्षेत्रों में गैस पाइपलाइन बिछाया जाना भी प्रस्तावित है। इसके लिए मंगलवार को मेयर ने यूयूएसडीए और एचपीसीएल के अधिकारियों के साथ बैठक की।
इस दौरान यूयूएसडीए ने बताया कि पहले फेज में लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों का पुनर्निर्माण किया जा रहा है। इसके पूरा होने पर नई गलियों में खुदाई का काम किया जाएगा। वहीं एचपीसीएल ने प्रस्तावित गैस पाइपलाइन के लिए चिह्नित जगहों के बारे में बताया। वहीं मेयर ने जहां यूयूएसडीए ने सड़क का पुनर्निर्माण करना है, वहां पहले गैस लाइन बिछाने के निर्देश दिए। कहा कि अलग-अलग योजनाओं के लिए सड़कें और गलियां खोदे जाने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए आपसी समन्वय बनाकर काम करें। सड़क के ठीक होने के बाद किसी भी योजना के लिए काम करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस मौके पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सहायक अभियंता नवल नौटियाल, यूयूएसडीए के प्रोजेक्ट मैनेजर रोहित जोशी, एचपीसीएल के प्रोजेक्ट मैनेजर हिमांशु जंतवाल मौजूद रहे।



