14 मार्च 2026 को बसन्तपुर किशनपुर निवासी आशीष बेलवाल ने थाना चोरगलिया में मंदिर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी
![]()
मंदिर में चोरी करने वाले आरोपी जेल भेजे गए
(
Photo Courtesy: Haldwani Police
)

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 16, 2026 at 11:09 AM IST
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के चोरगलिया क्षेत्र में मंदिर से घंटियां, तांबे का कलश और दानपात्र की नकदी चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 पीतल की घंटियां, एक तांबे का कलश और करीब 1580 रुपये नकद बरामद किए हैं. आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है.
मंदिर में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी: मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में चोरगलिया थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने मंदिर से चोरी हुए सामान के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक 14 मार्च 2026 को बसन्तपुर किशनपुर निवासी आशीष बेलवाल ने थाना चोरगलिया में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके क्षेत्र के मंदिर से पीतल की घंटियां, तांबे का कलश और दानपात्र में रखी नगदी चोरी हो गई हैं.
पुलिस ने मंदिर में चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया: शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. उच्चाधिकारियों के निर्देश पर टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने इलाके में संदिग्धों की तलाश की. आखिरकार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंवर पाल निवासी दानीबंगर, थाना चोरगलिया और नितिन कुमार निवासी ठाकुरद्वारा चुंगी, काठगोदाम के रूप में हुई है.
चोरी गई 20 पीतल की घंटियां बरामद की: चोरगलिया पुलिस उपनिरीक्षक ने बताया कि-
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिर की 20 पीतल की घंटियां, एक तांबे का कलश और दानपात्र से चोरी किए गए 860 सिक्के तथा कुछ नोट बरामद किए हैं. कुल मिलाकर 1580 रुपये की नकदी बरामद हुई है. पुलिस के अनुसार बरामदगी के आधार पर मामले में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं. आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है.
-निधि शर्मा, पुलिस उप निरीक्षक-
मंदिरों में पहले भी हुई हैं चोरियां: गौरतलब है कि उत्तराखंड के मंदिरों में चोरी की ये कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले इसी साल 26 फरवरी को पंतनगर के अटरिया माता मंदिर में चोरी हुई थी. तब चोरों ने 5 दानपात्र तोड़कर चोरी की थी. पिछले साल सितंबर में लालकुआं में मंदिर का दानपात्र और छत्र चोरी हुआ था. पिछले साल मई के महीने में देहरादून के सहसपुर स्थित सिद्धेश्वर मंदिर में चोरी करने वाले दंपति समेत 3 लोग गिरफ्तार हुए थे. मई महीने में ही गैरसैंण के माईथान स्थित दिवा ठोंकी मंदिर से भी चोरी हुई थी.
ये भी पढ़ें:


