हल्द्वानी की नवीन गल्ला मंडी में युवती और युवक की हत्या की घटना पर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
हल्द्वानी की नवीन गल्ला मंडी में युवती और युवक की हत्या की घटना पर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पार्टी अध्यक्ष पीसी तिवारी ने इस घटना को राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था का भयावह संकेत बताया है।
.
तिवारी ने आरोप लगाया कि पत्थरों से सिर कुचलकर की गई यह हत्या दर्शाती है कि प्रदेश में अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस तंत्र की पकड़ कमजोर हुई है।
पार्टी अध्यक्ष ने चिंता व्यक्त की कि पिछले कुछ महीनों में देहरादून, विकासनगर और हल्द्वानी सहित कई क्षेत्रों में हत्या और महिला उत्पीड़न की घटनाओं में वृद्धि हुई है। उन्होंने इसे एक चिंताजनक प्रवृत्ति करार दिया।
तिवारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी प्राथमिकता कानून व्यवस्था सुधारने के बजाय केवल ‘छवि निर्माण’ तक सीमित है। उन्होंने जोर दिया कि केवल बयानबाजी और जांच की घोषणाएं पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि जनता को ठोस सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता है।
उन्होंने महिलाओं और युवाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए सरकार से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

