हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा चालक की लापरवाही से मॉर्निंग वॉक पर निकले एक दुकानदार की मौत हो गई। बैक करते समय ई-रिक्शा चालक ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह सिर के बल सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
.
पुलिस के अनुसार, ऊंचापुल बिठौरिया नंबर-1 निवासी 49 वर्षीय भूपाल सिंह बिष्ट शनिवार सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। ऊंचापुल चौफुला के पास एक ई-रिक्शा चालक ने तेज रफ्तार में बैक करते हुए उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनके सिर के पीछे गंभीर चोट आई और वह कोमा में चले गए।
दो बच्चों के पिता
उन्हें तुरंत ठंडी सड़क स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका ऑपरेशन भी किया गया, लेकिन रविवार को उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि भूपाल सिंह बिष्ट घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके दो बच्चे हैं, जो ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहे हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष सुशील जोशी के अनुसार, तहरीर मिलने पर आरोपी ई-रिक्शा चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

