हल्द्वानी में चलती बस के टायर में लगी आग, एसएसपी ने पीछा कर रुकवाई गाड़ी; बची कई जान
Updated: Thu, 02 Apr 2026 12:51 PM (IST)
अल्मोड़ा से दिल्ली जा रही रोडवेज बस के पिछले टायर में हल्द्वानी के पास आग लग गई। एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने बस को ओवरटेक कर रुकवाया, जिससे बड़ा हादसा टल ग …और पढ़ें

नैनीताल रोड की घटना, ब्रेक शू गर्म होने को बताया वजह।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संक्षेप में पढ़ें
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। अल्मोड़ा से दिल्ली जा रही रोडवेज बस के पिछले टायर में अचानक आग लग गई। इस बीच पीछे से आ रहे एसएसपी की नजर पर पड़ी तो उन्होंने ओवरटेक कर गाड़ी को रुकवा लिया।
इसके बाद पुलिस ने अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल करने के साथ पिछले टायर पर पानी भी डाला। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से टल गया। ब्रेक शू गर्म होने को वजह माना जा रहा है। तकनीकी जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
अल्मोड़ा डिपो से जुड़ी बस संख्या यूके 07 पीए 6128 अल्मोड़ा से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। गाड़ी में करीब 12 यात्री बैठे थे। पौने दस बजे के आसपास जजी कोर्ट के आगे से निकलते समय ड्राइवर साइड से पिछले पहिए से धुआं निकलने लगा। प्रत्यदर्शियों का कहना है कि एक बार आग भी नजर आईं। लेकिन चालक शिवराज बिष्ट को भनक तक नहीं लगी।
इस बीच राउंड पर निकले एसएसपी मंजुनाथ टीसी की नजर रोडवेज बस पर पड़ गई। वह पीछे से सरकारी गाड़ी से आ रहे थे। एसएसपी ने पीछा करने के बाद डिग्री कालेज के पास ओवरटेक लेकर बस को रुकवा लिया। इसके बाद तुरंत नजदीकी पेट्रोल पंप से अग्निशमन यंत्र मंगवा टायर पर गैस छिड़की गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम से पानी भी डलवाया गया। बचाव कार्य के दौरान यात्रियों को नीचे उतार लिया गया था। जिन्हें दूसरी बस से रवाना किया गया।
टैक्स जमा नहीं, बीमा भी खत्म
रोडवेज की 2024 माडल इस बस का टैक्स पिछले वित्तीय वर्ष तक ही जमा था। परिवहन एप में चेक करने पर पता चला कि गाड़ी का बीमा भी नहीं है। रोडवेज की अधिकांश गाड़ियों का बीमा नहीं होता। क्लेम से जुड़े मामलों में सरकारी कोष से पैसा देना पड़ता है।

