Updated: Mon, 16 Feb 2026 08:24 AM (IST)
हल्द्वानी में बरेली रोड पर सड़क चौड़ीकरण के लिए सिंचाई विभाग की पुरानी नहर को शिफ्ट किया जाएगा। उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) के …और पढ़ें

सड़क चौड़ीकरण को लेकर बरेली रोड में नहर शिफ्टिंग का कार्य। जागरण
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। बरेली रोड पर सिंचाई विभाग की पुरानी खुली नहर को शिफ्ट किया जाएगा। सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्ट के तहत यह निर्णय लिया गया है। मौजूदा नहर के बगल में सिंचाई विभाग की छह फीट जमीन अभी बची है।
शिफ्टिंग के साथ ही नहर को कवर भी किया जाएगा। ताकि फुटपाथ के तौर पर इसका इस्तेमाल हो सके। यूयूएसडीए की मांग पर प्रशासन और सिंचाई विभाग के बीच हुई वार्ता के बाद 75 लोगों को नोटिस भेज सरकारी लैंड खाली करने के लिए कहा गया है।
उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलेपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) की ओर से कालाढूंगी रोड पर कठघरिया से कालू सिद्ध् मंदिर और नैनीताल रोड पर नरीमन चौराहे से तीनपानी तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाना है। 229 करोड़ रुपये इस पूरे प्रोजेक्ट पर खर्च होंगे। उपलब्ध जगह के हिसाब से 24 से लेकर 30 मीटर तक सड़क की चौड़ाई रहेगी।
इसके अलावा यूटिलिटी डक्ट, ड्रेनेज सिस्टम, फुटपाथ निर्माण के साथ सुंदरीकरण से जुड़े काम भी होने हैं। नैनीताल रोड पर होंडा शोरूम तिराहे से तीनपानी तक सड़क के एक तरफ सिंचाई विभाग की नहर है। जो कि शहर से ग्रामीण क्षेत्र को निकलती है। ताकि काश्तकारों के खेतों को पानी मिल सके।
यह भी पढ़ें- अग्निवीर बनने से चूका तो बन गया चोर, हल्द्वानी में ट्रक-डंपर बैटरी गिरोह का पर्दाफाश
मौजूदा नहर के बगल में छह फीट जमीन रिकार्ड में सिंचाई विभाग के नाम पर दर्ज है। इस जमीन के अधिकांश हिस्सों में स्थानीय लोगों के भवन का हिस्सा बना हुआ है। कुछ जगहों पर खेत भी जुड़े हैं। अब यूयूएसडीए को जमीन की जरूरत पड़ने पर सिंचाई विभाग ने 75 लोगों को नोटिस भेज भूमि खाली करने को कहा है।
मौजूदा नहर को बगल की खाली भूूमि में शिफ्ट करने के बाद कवर करने का प्लान है। ताकि लोगों को फुटपाथ मिल सके। तीनपानी से शहर की ओर ड्रेनेज सिस्टम व यूटिलिटी डक्ट निर्माण का काम चल रहा है। होंडा शोरूम से तीनपानी तक सड़क किनारे से गुजर रही नहर के बगल में छह फीट जमीन सिंचाई विभाग की है। 75 लोगों को नोटिस भेजे गए हैं। प्रशासन के सहयोग लैंड खाली होगा।
–
-कुलदीप सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर यूयूएसडीए

