हल्द्वानी में मानदेय के लिए सड़कों पर उतरीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
बुद्ध पार्क से एसडीएम कोर्ट तक निकाली रैली न्यूनतम वेतन 24 हजार देने की सरकार
हल्द्वानी, संवाददाता। मानदेय वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बुध पार्क में धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद सड़कों पर उतरकर एसडीएम कोर्ट तक रैली निकाली। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने न्यूनतम 24 हजार रुपये महीने वेतन देने की सरकार से मांग की है। सोमवार को सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताएं हल्द्वानी के बुद्ध पार्क पहुंची। यहां उन्होंने सरकार के खिलाफ जोर-शोर से नारेबाजी करते हुए उनकी उपेक्षा करने का आरोप लगाया। कहा कि दिन रात समर्पित होकर काम करने वाली कार्यकर्ताओं का प्रदेशभर में शोषण हो रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मांगों को राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू समेत कई यूकेडी नेताओं ने समर्थन दिया।
इसके बाद कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क से एसडीएम कोर्ट तक रैली निकाली। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से सीएम धामी को ज्ञापन भेजा गया। कहा कि मजदूर से भी कम वेतन उन्हें दिया जाता है। उन्होंने 24 हजार रुपये महीने मानदेय देने की मांग की। राज्य सरकार से 140 और केंद्र सरकार से 150 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से मानदेय में वृद्धि करने को कहा। इसके अलावा कार्यकर्ताओं को बायोमैट्रिक मशीन से न जोड़े जाने की मांग की। रैली में ब्लॉक अध्यक्ष अनिशा, पूर्व जिलाध्यक्ष हेमा लोहनी, फाखिया, उषा भट्ट, पुष्प नेगी, हेमू पाठक, ज्योति, जानकी, मीना, चेतना, पुष्पा सहित प्रदेशभर के कई कार्यकर्ता शामिल हुए।


