हल्द्वानी में होल्यारों की राह में बदहाल सड़कें बनीं रोड़ा
हल्द्वानी में होली का उत्सव इस बार खराब सड़कों की वजह से प्रभावित हो रहा है। एक साल पहले खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं होने के कारण 275 किलोमीटर सड़कें गड्ढों और धूल से भरी हैं। रिश्तेदारों की आवाजाही भी बाधित है, जिससे लोग होली के बधाई देने में असमर्थ हैं।

हल्द्वानी। होली का उल्लास इस बार बदहाल सड़कों की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। शहर में सीवर और पेयजल लाइन बिछाने के लिए एक साल पहले से खोदी गई सड़कों की मरम्मत नहीं हो पाई है। करीब 275 किलोमीटर सड़कें गड्ढों, रोड़ी-बजरी और धूल के हवाले हैं। ऐसे में लोग बदहाल सड़कों पर चलकर होली की बधाई देने के लिए मजबूर बने हुए हैं। हालात इतने खराब बने हुए हैं कि रिश्तेदार भी मार्ग क्षतिग्रस्त होने से बधाई देने को भी नहीं पहुंच रहे हैं। हल्द्वानी में 23 नए वार्डों में यूयूएसडीए ने सीवरेज और पेयजल के लिए हर दूसरी सड़क खोदकर छोड़ दी है।
सोमवार को हिन्दुस्तान की टीम ने पीलीकोठी, बमौरी, बिठौरिया, दमुवाढूंगा, चौफुला और रामपुर रोड से जुड़े इलाकों में सड़कों के हाल जाने। इस दौरान कहीं आधी-अधूरी मरम्मत कर रोड़ी डाली गई सड़क मिली, तो कहीं गड्ढों को बिना भरे ही काम बंद कर दिया है। इन बदहाल सड़कों से ही गुजरते होलियार मिले। पैदल आवागमन कर रहे लोगों के साथ ही दोपहिया वाहन चालक फिसलन और बजरी से जूझते मिले। कार चालकों को भी हर कदम पर झटके सहने पड़ रहे थे। स्थानीय लोगों ने बातचीत में बताया कि रिश्तेदारों और मेहमानों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। लोग हादसे के डर से मिलने आने से बच रहे हैं। मौके पर महिलाएं और बच्चे बदहाल सड़कों पर होली मनाते हुए मिले। इस हालात में हल्द्वानी की बदहाल सड़कों ने होली के रंग में भंग डाल दिया है। कोट : सड़कों का पुनर्निर्माण शुरू कर दिया गया है। पुराने काम होने तक नई सड़कों की खुदाई नहीं की जाएगी। कुलदीप सिंह, परियोजना प्रबंधक यूयूएसडीए

