
उत्तराखंड में धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर 21 मार्च को हल्द्वानी में एक बड़ा राजनीतिक आयोजन होगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस जनसभा को संबोधित करेंगे। भाजपा ने कार्यक्रम की तैयारियों को तेज कर दिया है और कार्यकर्ताओं को सफल बनाने के लिए निर्देश दिए गए हैं।

हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। उत्तराखंड में धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर 21 मार्च को हल्द्वानी में बड़ा राजनीतिक आयोजन होगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ‘जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए मंगलवार को हल्द्वानी के एक बैंक्वेट हॉल में भाजपा की जिला स्तरीय बैठक हुई। बैठक का शुभारंभ राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश प्रभारी दुष्यन्त गौतम, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल और जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।बैठक
में कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय होकर कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए गए। अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 21 मार्च को दोपहर करीब एक बजे हल्द्वानी पहुंचने की संभावना है। उनका आधिकारिक कार्यक्रम शीघ्र जारी होगा।प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कार्यक्रम की विधानसभा वार रणनीति पर चर्चा की, वहीं अजेय कुमार ने संगठनात्मक गतिविधियों और प्रशिक्षण अभियानों की समीक्षा की। दुष्यन्त गौतम ने आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम स्थल पर सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। बता दें कि इससे पहले सात मार्च को हरिद्वार में इसी श्रृंखला के कार्यक्रम में गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए थे। बैठक में मुख्य रूप से विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, राजेन्द्र सिंह बिष्ट, जोगेन्द्र रौतेला समेत कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।



