हल्द्वानी में गैस किल्लत ने बेकरी उद्योग को प्रभावित किया है, जिससे बर्थडे केक और अन्य बेकरी आइटम के दाम बढ़ गए हैं। कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी के कारण कई उत्पादों का उत्पादन बंद करना पड़ा है। बेकरी व्यवसायियों को लागत बढ़ाने में कठिनाई हो रही है और स्टाफ में कटौती करनी पड़ी है।

हल्द्वानी। शहर में जारी गैस किल्लत अब आम रसोई से निकलकर कारोबार की भट्ठियों तक पहुंच चुकी है। इसका असर बेकरी उद्योग पर देखने को मिल रहा है। बेकरी कारोबारियों के मुताबिक गैस संकट ने बर्थडे केक के दामों को बढ़ा दिया है। साथ ही पिज्जा, पेटीज समेत अन्य बेकरी आइटम के दाम आसमान चढ़ गए हैं। केक्स एंड बॉक्स के मालिक प्रियंक जोशी ने बताया की बेकरी में इस्तेमाल होने वाली क्रीम, चॉकलेट और अन्य कच्चा माल पहले ही महंगा हो चुका है। ऊपर से कमर्शियल गैस सिलेंडर की भारी कमी ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। मजबूरी में अब आलू पेटीज, ब्रेड, बर्गर बन, पिज़्ज़ा बेस और कुलचे जैसे कई प्रोडक्ट्स का उत्पादन पूरी तरह बंद करना पड़ा है।
उन्होंने बताया की परेशानी इसलिए भी हैं क्यूंकि अधिकतर लोग गैस का ओवन इस्तेमाल करते हैं और सिलेंडर मिल ही नहीं रहा। कहा कि लकड़ी का इस्तेमाल संभव नहीं है और इंडक्शन पर काम करना बेहद धीमा और महंगा पड़ रहा है। ऐसे में केक के दाम 10 से 20 रुपये तक बढ़ाने पड़े हैं, लेकिन इससे भी लागत पूरी नहीं हो पा रही।स्टाफ में करनी पड़ी है कटौतीविक्की अधिकारी ने बताया हालात इतने खराब हैं कि बिस्कुट जैसे बेसिक प्रोडक्ट्स बनाना भी मुश्किल हो गया है। पहले 2-3 कर्मचारी थे, अब एक ही स्टाफ से काम चला रहे हैं। फिलहाल दाम नहीं बढ़ाए, लेकिन अगर यही स्थिति रही तो बढ़ाने पड़ सकते हैं। शेफ बेकर्स के व्यापारी विक्की अधिकारी के अनुसार सिलेंडर की किल्लत के चलते बेकिंग का काम लगभग ठप हो गया है। “पहले जो स्पंज और अन्य सामग्री खुद तैयार करते थे, अब बाहर से मंगानी पड़ रही है। अगर दाम पांच गुना बढ़ाएं तो ग्राहक भाग जाते हैं, और कम दाम पर बेचें तो नुकसान तय है। तैयार माल खराब होने का डर अलग से बना रहता है।


