हल्द्वानी में नैनीताल और अल्मोड़ा के बीच सीनियर पुरुष वर्ग की अंतर जिला क्रिकेट लीग का अंतिम मुकाबला खेला गया। अल्मोड़ा की टीम 115 रन पर ऑल आउट हुई। नैनीताल ने 11वें ओवर में बिना विकेट खोए जीत हासिल की। रवि सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

हल्द्वानी, संवाददाता। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से कराई जा रही सीनियर पुरुष वर्ग की अंतर जिला क्रिकेट लीग के पूल-बी का अंतिम मुकाबला जीएनजी क्रिकेट एरिना मैदान में नैनीताल और अल्मोड़ा के बीच खेला गया। मैच का शुभारंभ नैनीताल जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने किया। अल्मोड़ा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन टीम 24वें ओवर में मात्र 115 रन पर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से मनन ने 38, शुभम बच्चस ने 30, अर्पित कुमार ने 17 और मयंक बिष्ट ने 16 रन बनाए। नैनीताल के गेंदबाज रवि सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लीग की पहली हैट्रिक सहित 4 विकेट झटके।
पृथ्वी गैड़ा ने 3, आयुष तिलारा ने 2 और आकाश सिंह ने 1 विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नैनीताल की टीम ने 11वें ओवर में ही बिना विकेट खोए मुकाबला जीत लिया। पीयूष जोशी ने 32 गेंदों में 7 छक्कों और 4 चौकों की मदद से नाबाद 64 रन और लक्ष्य राय चंदानी ने 34 गेंदों में 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 48 रन बनाए। रवि सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंपायर की भूमिका में विजय आर्य और हिमांशु चतुर्वेदी रहे, जबकि स्कोरर की भूमिका सचिन ने निभाई। यहां क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ अल्मोड़ा के सचिव हर्ष गोयल, जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कमल, आनंद बिष्ट, नरेन्द्र अधिकारी, पूर्व दर्जाधारी सुहैल सिद्दीकी, जगमोहन बगड़वाल, मनोज शर्मा, विजय लटवाल, किशन अनेरिया, विकास गुणवंत, नीरज डसीला, दिग्विजय कनवाल, अभिषेक सिंह आदि रहे।


