प्रभात फेरी के साथ गूंजे गुरु की महिमा के जयकारे
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से मनाया जा रहा बैसाखी पर्व रामलीला ग्राउंड

हल्द्वानी, संवाददाता। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, रामलीला ग्राउंड की ओर से खालसा सृजना दिवस ‘बैसाखी’ का पर्व बड़ी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पर्व की पूर्व संध्या पर सोमवार को नगर में भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी रामलीला ग्राउंड गुरुद्वारे से शुरू होकर गुरुद्वारा श्री गुरु नानकपुरा में संपन्न हुई, जहां मुख्य सेवादार रमन साहनी और संगत ने प्रभात फेरी का भव्य स्वागत किया। गुरुद्वारे में अमृत संचार का भी आयोजन किया गया, जिसमें 34 श्रद्धालुओं ने अमृत पान कर गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। रात विशेष दीवान सजाए गए, जिसमें संगत ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की।
महासचिव कंवलजीत सिंह उप्पल ने बताया कि मुख्य आयोजन आज यानी 14 अप्रैल को सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक होगा। इसमें रागी भाई तरसेम सिंह (हरायपुर) और कथावाचक भाई गुरसेवक सिंह (नानकमत्ता साहिब वाले) गुरबाणी कीर्तन व कथा द्वारा संगत को निहाल करेंगे। हेड ग्रंथि जगमीत सिंह की ओर से अरदास के बाद विशाल लंगर का आयेाजन होगा। मुख्य सेवादार अमरजीत सिंह आनंद ने बताया कि वर्ष 1699 में इसी दिन गुरु गोविन्द सिंह जी ने आनंदपुर साहिब में पंज प्यारों को अमृत छकाकर खालसा पंथ की स्थापना की थी और जाति-पाति का भेद मिटाकर समानता का संदेश दिया था। इस दौरान गुरप्रीत साहनी, अवनीत सिंह रेखी, प्रवक्ता हरजीत सिंह चड्ढा, कमलदीप ओबेरॉय, जसपाल सिंह चंडोक, बंटी सेठी, सनी आनंद, मनलीन कोहली, गगन कोहली, अमरजीत सिंह सेठी, मंजीत सेठी, जसबीर सिंह गोल्डी और गगन सयाली आदि लोग मौजूद रहे।



