रामनगर रोड पर कार ने ठेले को टक्कर मारी, युवक की मौत
कालाढूंगी में एक तेज रफ्तार कार ने ठेला लगाने वाले युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक का नाम अभिषेक सिंह था, जो बेल के जूस का ठेला लगाता था। कार ने ठेले को टक्कर मारने के बाद एक पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश जारी है।

सतीश जोशी कालाढूंगी। रामनगर रोड पर नयागांव वन विभाग के चेक पोस्ट के समीप सड़क किनारे ठेला लगाने वाले युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। वहीं घटना के बाद फरार हुए चालक की तलाश की जा रही है।जानकारी के अनुसार, जिला ऊधमसिंह नगर के बरहैनी (जबरान) निवासी पंजा सिंह का 18 वर्षीय बेटा अभिषेक सिंह नयागांव वन विभाग के चेक पोस्ट के समीप बेल के जूस का ठेला लगाता था। सोमवार को भी वह ठेले पर ग्राहक आने का इंतजार कर रहा था।
दोपहर करीब पौने दो बजे कालाढूंगी की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार सामने चल रही दूसरी कार को ओवरटेक करने के चक्कर में अनियंत्रित होकर ठेले में जा घुसी। ठेले के परखच्चे उड़ाते हुए कार पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में ठेले पर खड़े अभिषेक को गंभीर चोट आई। राहगीरों ने उसे सीएचसी कालाढूंगी पहुंचाया। लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। एसएसआई पंकज जोशी ने बताया कि शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


