हल्द्वानी में पुलिस और एसओजी की टीम ने स्मैक के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया. महिला से 203 ग्राम स्मैक बरामद किया.
![]()
हल्द्वानी में महिला ड्रग तस्कर गिरफ्तार
(
PHOTO- ETV Bharat
)

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 26, 2026 at 3:38 PM IST
हल्द्वानी: नैनीताल जिले की हल्द्वानी कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने नशे का कारोबार करने वाली एक महिला को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है. बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कीमत 60 लाख रुपए बताई जा रही है. आरोपी महिला रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप की रहने वाली है. आरोपी महिला के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने एनडीपीस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है.
हल्द्वानी कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने हल्द्वानी-रुद्रपुर रोड स्थित बेलबाबा मंदिर के पास से एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया. एसएसपी डॉक्टर मंजू नाथ टीसी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 25 मार्च को टीम को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर से हल्द्वानी में स्मैक की तस्करी होने जा रही है. जिसपर टीम ने हल्द्वानी – रुद्रपुर सड़क स्थित बेलबाबा के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान टीम को एक संदिग्ध महिला दिखाई दी. शक होने पर टीम द्वारा महिला से पूछताछ कर महिला सिपाही द्वारा तलाशी ली गई तो महिला के पास से 203 ग्राम स्मैक बरामद हुई.
हल्द्वानी में महिला ड्रग तस्कर गिरफ्तार (VIDEO-ETV Bharat)
पूछताछ में महिला ने अपना नाम कनिका निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैंप, उधम सिंह नगर बताया. महिला ने बताया कि वह स्मैक की खेप बिलासपुर से लेकर आई थी. जिसे उसने हल्द्वानी के बनभूलपूरा में एक व्यक्ति को सप्लाई देना था. इससे पूर्व भी वह स्मैक की सप्लाई हल्द्वानी में कर चुकी है. बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत 60 लाख रुपए आंकी जा रही है. आरोपी महिला के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है. पुलिस टीम बिलासपुर और बनभूलपूरा निवासी तस्करों को चिन्हित करने में जुटी हुई है.
घर से लाखों की चोरी: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक चोरी की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुद्रा विहार कॉलोनी निवासी निशांत सिंह पुत्र मेवा सिंह ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में एक लिखित शिकायत देकर बताया कि उनके घर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया.
शिकायतकर्ता के अनुसार, 12 मार्च को उनके भाई जगविंदर सिंह का निधन हो गया था, जिसके चलते परिवार में शोक का माहौल था. इस दौरान उनकी सास जोगेंद्र कौर भी उनके घर आई हुई थीं. 21 मार्च को उनके भाई का ‘दसवां’ कार्यक्रम होना था, जिससे पहले 20 मार्च को उनकी सास अपने दोनों बच्चों के साथ अपने गांव लौट गई थीं.
इसी दौरान, 20 मार्च की रात आसपास अज्ञात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया. चोर घर से करीब 20 हजार रुपए नकद, चांदी की पायल और एक जोड़ी सोने के टॉप्स चोरी कर ले गए. घटना के बाद पीड़ित ने पहले अपने स्तर पर चोरों की तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने और निजी कार्यों में व्यस्त रहने के कारण वह तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सके.
25 मार्च को निशांत सिंह ने थाना ट्रांजिट कैंप पहुंचकर लिखित तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है.
थाना ट्रांजिट कैंप के प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें:


