हल्द्वानी में फायरिंग से हड़कंप, दादा-पोता बाल-बाल बचे, आरोपी गिरफ्तार
Updated: Sun, 26 Apr 2026 08:49 AM (IST)
हल्द्वानी के सुभाष नगर में एक व्यक्ति ने घर के बाहर खड़े बुजुर्ग और उनके पोते पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चला दी। गोली दीवार में लगने से दादा-पोता ब …और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। शहर के सुभाष नगर क्षेत्र में शुक्रवार की रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति ने घर के बाहर खड़े बुजुर्ग को निशाना बनाकर फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली सीढ़ी की दीवार में लग गई और बुजुर्ग अपने पोते के साथ बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया।
पुलिस को दी तहरीर में सुभाष नगर निवासी डुंगर सिंह परमार ने बताया कि 25 अप्रैल रात वह अपने घर के गेट के पास पोते को गोद में लेकर खड़े थे। उनके सामने विजय लटवाल का मकान है, जिसके बाहर एक कार खड़ी थी। आरोप है कि इसी दौरान विजय लटवाल के घर से निकला मनीष परिहार कार की आड़ में खड़ा हुआ और उन्हें निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
गोली उनके घर की सीढ़ियों की दीवार में जा लगी, जिससे दीवार पर निशान बन गया और शीशा भी टूट गया। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और आरोपित को पकड़कर अपने साथ ले गई।
यह भी पढ़ें- Uttarakhand Board Result 2026: जारी हुआ रिजल्ट, 10वीं में अक्षत और 12वीं में गीतिका ने किया टॉप
तहरीर में यह भी कहा गया है कि इससे पहले भी उनके घर के बाहर खड़ी कार में छेद किए गए थे। पीड़ित ने आरोपित से किसी प्रकार की रंजिश से इनकार करते हुए मामले की जांच कर साजिश का पर्दाफाश करने की मांग की है। हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि आरोपित पर प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है।

