हल्द्वानी। मेरठ के यात्री असीम गिरीश सक्सेना का ट्राॅली बैग शनिवार को रानीखेत एक्सप्रेस से चोरी हो गया। काठगोदाम में ट्रेन से उतरने के लिए वह तैयार हुए तो बैग के चोरी होने का पता चला। आरपीएफ के सीसीटीवी कंट्रोल रूम में देखने पर एक युवक बैग ले जाता दिखाई दिया। जीआरपी में इस प्रकरण की प्राथमिकी दर्ज हुई है।
मेरठ के एल ब्लाक शास्त्री नगर निवासी असीम गिरीश सक्सेना ने जीआरपी को बताया कि वह रानीखेत एक्सप्रेस से काठगोदाम आ रहा था। शनिवार सुबह काठगोदाम पहुंचने पर उन्होंने सीट के नीचे रखा बैग निकालना चाहा तो वह गायब था। उन्होंने पुलिस को बताया कि बैग में स्मार्ट वॉच, जूते, कपड़े रखे थे। जीआरपी एसओ कमल कोरंगा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर चोर की पहचान में पुलिस जुटी है। लीड मिल गई है। सीसीटीवी में आरोपी युवक ट्राली बैग ले जाते हुए दिखाई दिया। वह काठगोदाम स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से बाहर निकल रहा है। जल्द ही उसे पकड़ा जाएगा।

