![]()
हल्द्वानी में कारोबारी की कार में मिली लाश, हार्ट अटैक की आशंका
हल्द्वानी। शहर में एक कारोबारी की शनिवार सुबह कार के भीतर लाश मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो कार का एक शीशा खुला मिला। प्रथमदृष्टया म
हल्द्वानी, कार्यालय संवाददाता। शहर में एक कारोबारी की शनिवार सुबह कार के भीतर लाश मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची तो कार का एक शीशा खुला मिला। प्रथमदृष्टया मामला हार्ट अटैक का बताय जा रहा है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही कारोबारी की मौत की वजह साफ होगी। पुलिस हत्या और अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। एसएचओ विजय सिंह मेहता ने बताया कि शनिवार को पुलिस सीएम के कार्यक्रम से पहले चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान डॉ.सुशीला तिवारी अस्पताल के बाहर आसपास के लोगों ने कार में एक व्यक्ति के बेहोश पड़े होने की सूचना दी।
मौके पर जाकर कार का दरवाजा खटखटाया तो कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। पुलिस ने कार का दरवाजा तोड़ा और स्टेयरिंग सीट पर बेहोश पड़े व्यक्ति को एसटीएच ले गई। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान तल्ली हल्द्वानी निवासी 46 वर्षीय अरुण बिष्ट पुत्र गोपाल सिंह बिष्ट के रूप में हुई है। अंदेशा जताया जा रहा है कि हार्ट अटैक से मौत हुई होगी। पुलिस ने जब परिजनों को घटना की जानकारी दी और पूछताछ की तो पता लगा कि अरुण शुक्रवार सुबह 10 बजे घर से ऊर्जा निगम कार्यालय जाने की बात कहकर निकले थे। लेकिन इसके बाद रात को घर नहीं आए। परिजनों के कॉल करने पर अरुण का कोई जवाब नहीं मिला। अरुण पेशे से शहर के बड़े कारोबारी थे। उनका बरेली रोड में एक बैंक्वेट हॉल है। जिसे वह एक साथी के संग पार्टनरशिप में चलाते थे। वह घर के इकलौते कमाऊ सदस्य भी थे। वह अपने पीछे मां-पिता, पत्नी और दो बच्चों को छोड़कर गए हैं। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित रखा गया है।


