VIDEO: छिंदवाड़ा में शर्मनाक मामला, नशे में धुत टीचर को स्कूल में देख डर गए बच्चे

Date:

छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा ब्लॉक में एक शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंच गए जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. अभिभावकों की शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है. बीईओ ने जांच रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया है और मामले में जल्द अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की बात कही है.

X

नशे में स्कूल पहुंच गए टीचर (Photo: Screengrab)

नशे में स्कूल पहुंच गए टीचर (Photo: Screengrab)

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां लखनवाड़ा माध्यमिक स्कूल में पदस्थ एक शिक्षक नशे में धुत होकर स्कूल पहुंच गए जिन्हें देखने के बाद मासूम बच्चे सहम गए. बताया जा रहा है कि शिक्षक शराब के नशे में थे और इस दौरान उनकी वेशभूषा भी अस्त-व्यस्त हो गई थी. घटना के समय विद्यालय में सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद थे.

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में शिक्षक की स्थिति सामान्य नहीं दिखाई दे रही है. वहीं वीडियो में कुछ छात्र भी इस घटना के बारे में बताते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह घटना बुधवार की है.

नशे में धुत टीचर का वीडियो वायरल

सम्बंधित ख़बरें

मामले की जानकारी मिलते ही अभिभावक स्कूल परिसर पहुंच गए और उन्होंने अमरवाड़ा के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) अनुराग मिश्रा से शिकायत की. शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रभारी प्राचार्य अंतलाल नवरेती और जनशिक्षक गुरुप्रसाद वर्मा को जांच के लिए मौके पर भेजा.

बीईओ अनुराग मिश्रा ने बताया कि उन्हें शिक्षक द्वारा शराब सेवन कर विद्यालय आने की शिकायत प्राप्त हुई थी. जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और पूरी रिपोर्ट वरिष्ठ कार्यालय को भेज दी गई है. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

आरोपी टीचर के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी

शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्कूलों में अनुशासन और शिक्षकों की जिम्मेदारी सबसे महत्वपूर्ण होती है. ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि शिक्षा व्यवस्था की गरिमा बनी रहे.

इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि बच्चों के भविष्य से जुड़े संस्थानों में इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं. अभिभावकों ने दोषी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

—- समाप्त —-

Live TV

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related