हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. शहर के पॉश इलाके में देर रात एक युवती का पीछा कर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. जहां बुलेट सवार दो युवकों ने स्टेडियम से लेकर रामपुर रोड तक युवती का पीछा किया, जिससे वो दहशत में आ गई. युवती अपने भाई के साथ मदद के लिए चिल्लाती रही. पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेते हुए उनसे पूछताछ कर रही है.
हल्द्वानी के व्यस्त और पॉश इलाकों में भी अब महिलाओं की सुरक्षा सवालों के घेरे में नजर आ रही है. ताजा मामला शहर के एक प्रमुख स्टेडियम से लेकर रामपुर रोड तक का है, जहां देर रात एक युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि बुलेट सवार दो युवक लगातार युवती का पीछा कर रहे थे और रास्ते भर उसे परेशान करते रहे.
अपनी भाई के साथ बाइक पर जा रही थी युवती, मनचलों ने किया पीछा:बताया जा रहा है कि युवती अपने भाई के साथ बाइक पर थी, तभी इन मनचलों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया. युवकों की हरकतों से घबराई युवती और उसका भाई सड़क पर मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन आरोपियों ने अपनी हरकतें बंद नहीं कीं. इस दौरान युवती काफी डरी-सहमी नजर आई और लगातार उनसे बचने की कोशिश करती रही.
वहीं, घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी युवती का पीछा कर रहे हैं और वो खुद को बचाने के लिए संघर्ष कर रही है. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की. फिलहाल, हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
“एक वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया था. जिसमें बाइक सवार युवक-युवती के पीछे दो युवक पीछा करते दिख रहे हैं. जो कमेंट करने के साथ ही पुश करते हुए नजर आए हैं. इस मामले में दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है. जो भी विधिक कार्रवाई होगी, वो की जाएगी.“- मनोज कत्याल, एसपी सिटी
महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को कड़ी चेतावनी: फिलहाल, हल्द्वानी पुलिस का कहना है कि शहर में इस तरह की घटनाओं को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. फिलहाल, इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर पॉश इलाकों में भी महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं?
ये भी पढ़ें-

