पीलीकोठी में युवक की लाश मिली, नशे की ओवरडोज की आशंका
शरीर पर इंजेक्शन के निशान, जांच में जुटी पुलिस एक सप्ताह पहले दिल्ली से लौटा

हल्द्वानी,वरिष्ठ संवाददाता। मुखानी थाना क्षेत्र के पीलीकोठी स्थित श्याम गार्डन के पास एक पुराने घर में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय शुभ दिवाकर के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की मौत नशे के इंजेक्शन की ओवरडोज के कारण हुई है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कुसुमखेड़ा हरीपुर नायक भूमिया विहार फेज 2 निवासी शुभ दिवाकर दिल्ली की एक फाइनेंस कंपनी में काम करता था। वह एक सप्ताह पहले ही घर आया था। परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम वह अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा।
गुरुवार शाम शुभ के दोस्त की बहन ने परिवार को सूचना दी कि शुभ श्याम गार्डन के पास एक बुजुर्ग के पुराने घर में पड़ा है। आनन-फानन परिजन उसे सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से करीब चार घंटे पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के चाचा अर्जुन ने बताया कि शुभ नशे के इंजेक्शन का आदि था। उसकी मां गुड़िया घरों में काम करके परिवार का भरण-पोषण करती हैं, वह बेटे की मौत से सदमे में हैं। मृतक की दो बहनें हैं।इनका कहनाप्रथम दृष्टया मामला नशे की ओवरडोज का लग रहा है। युवक के शरीर पर इंजेक्शन के निशान मिले हैं। इसलिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।मनोज कत्याल, एसपी सिटी, हल्द्वानीसवाल: कहां गायब हो गया ‘वह’ दोस्त?हल्द्वानी। शुभ की संदिग्ध हालात में मौत के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम शुभ अपने जिस दोस्त के साथ घर से निकला था। परिजनों ने बताया कि इसके बाद उसने कोई कॉल रिसीव नहीं की। उसका मोबाइल लगातार बंद आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि घटना की जानकारी भी उसी दोस्त की बहन ने शुभ के परिजनों को दी। जिस पुराने घर में शुभ की लाश मिली, वहां एक बुजुर्ग और एक महिला रहते हैं। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह वहां अपने जेठ के साथ रहती है। महिला के अनुसार, मृतक शुभ कभी-कभी अपने उसी दोस्त के साथ उनके पास आता-जाता रहता था।


