मथुरा में अनियंत्रित इलेक्ट्रिक बस ने कार को रौंदा, हल्द्वानी के एक श्रद्धालु की मृत्यु; चार घायल
By Vineet Kumar Mishra Edited By: Prateek Gupta
Updated: Mon, 23 Mar 2026 02:33 PM (IST)
मथुरा में गोवर्धन-बरसाना मार्ग पर एक अनियंत्रित सरकारी इलेक्ट्रिक बस ने हल्द्वानी के श्रद्धालुओं की कार को रौंद दिया। इस भीषण हादसे में कार चालक प्रदी …और पढ़ें

संवाद सूत्र, गोवर्धन (जागरण)। ब्रज दर्शन को आए श्रद्धालुओं की खुशियां रविवार दोपहर मातम में बदल गईं। हल्द्वानी से दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की कार को गोवर्धन-बरसाना मार्ग स्थित पलसों गांव के निकट अनियंत्रित सरकारी इलेक्ट्रिक बस ने रौंद दिया।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार चालक की मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य श्रद्धालु घायल हो गए। ग्रामीणों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल भिजवाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया है।
हल्द्वानी निवासी प्रदीप कुमार कार से मथुरा ब्रज दर्शन के लिए आए थे। रविवार की दोपहर प्रदीप कार से गोवर्धन-बरसाना मार्ग होते हुए बरसाना दर्शन करने जा रहे थे। उनके साथ पत्नी 29 वर्षीय शिवानी, चार वर्षीय पुत्री अदित्री व दो बेटे नौ वर्षीय चिन्वय और 12 वर्षीय वैभव थे।
पलसों गांव के समीप बरसाना की ओर से तेज रफ्तार आ रही इलेक्ट्रिक बस की कार से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में प्रदीप की मृत्यु हो गई, जबकि उनके स्वजन घायल हो गए। ग्रामीण आ गए और कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। पुलिस ने सभी को सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी श्याम सुंदर शर्मा और दीपक शर्मा ने बताया, बस अत्यधिक तेज गति में थी। बस चालक नियंत्रण खो बैठा और वह कार से टकरा गई। गोवर्धन के थाना प्रभारी भगवत गुर्जर ने बताया, दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। कार चालक की मृत्यु हुई है। प्रार्थना पत्र मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जाएगी।

