हल्द्वानी – शहर में काल बनकर भाग रहे हैं ई-रिक्शा, टक्कर से हुई कारोबारी की मौत, पिछले महीने भी हुआ था बड़ा हादसा

Date:

हल्द्वानी – शहर में ई-रिक्शा हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला मुखानी थाना क्षेत्र का है, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले एक कारोबारी की ई-रिक्शा की टक्कर से मौत हो गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बिठौरिया नंबर एक चौफुला पुल निवासी भूपाल सिंह (49) शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान चौफुला के पास एक ई-रिक्शा अचानक तेजी से पीछे की ओर आया और उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आ गई।

परिजन उन्हें तुरंत नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां जांच में उनके सिर में खून का थक्का जमने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन भी किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और रविवार सुबह करीब सात बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के छोटे भाई मनोज बिष्ट के अनुसार, ई-रिक्शा चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ – 
भूपाल सिंह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटी और एक बेटा है। बड़ी बेटी डिंपल (20) बीएससी की छात्रा है, जबकि बेटा गौतम (18) बीकॉम कर रहा है। उनकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

पहले भी हो चुका है ऐसा हादसा – 
गौरतलब है कि इससे पहले 13 फरवरी 2026 को भी हल्द्वानी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया था। एलआईयू में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर मीना पांडे के पति और कारोबारी नरेश चंद्र तिवारी (59) की तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर से मौत हो गई थी। यह हादसा नवाबी रोड चौराहे के पास कालाढूंगी रोड स्थित पशु चिकित्सालय के सामने हुआ था, जब वह सड़क पार कर रहे थे। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। लगातार हो रहे ऐसे हादसों के बाद शहरवासियों ने प्रशासन से ई-रिक्शा संचालन पर सख्ती और ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related