भत्ता न मिलने पर फार्मेसिस्ट नाराज
हल्द्वानी में डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन ने चारधाम यात्रा के लिए पिछले दो वर्षों का ₹20 लाख भत्ता न मिलने पर रोष जताया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि भत्ता नहीं मिला तो कार्य बहिष्कार किया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए उचित भोजन और आवास की व्यवस्था की भी मांग की गई है।

हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड ने को चारधाम यात्रा में पिछले दो वर्षों की ड्यूटी का करीब 20 लाख रुपये भत्ता न मिलने पर गहरा रोष जताया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द भत्ता नहीं मिला तो चारधाम यात्रा ड्यूटी का बहिष्कार किया जाएगा। एसोसिएशन ने सोमवार को स्वास्थ्य निदेशक (कुमाऊं मंडल) को ज्ञापन सौंपा। मंडलीय सचिव ठाकुर प्रेम शंकर सिंह ने बताया कि अल्मोड़ा, नैनीताल, चम्पावत और बागेश्वर जिलों के फार्मेसिस्ट रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी में बेहद कठिन परिस्थितियों में लाखों तीर्थयात्रियों को स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद वर्ष 2024, 25 की यात्रा व प्रोत्साहन ड्यूटी का 20 लाख रुपये अब तक नहीं मिला है।
उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर ड्यूटी करने वाले स्वास्थ्य कर्मचारियों के लिए उचित भोजन और आवास की भी कोई व्यवस्था नहीं है। संगठन ने मांग की है कि लंबित भत्ते का शीघ्र भुगतान किया जाए, इसके लिए अलग बजट हेड बनाया जाए और भविष्य में भुगतान एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन और आवास उपलब्ध कराया जाए। कुमाऊं मंडल से ड्यूटी पर जाने वाले कर्मियों के लिए कर्णप्रयाग और रुद्रप्रयाग में ट्रांजिट हॉस्टल की व्यवस्था करने की मांग भी की। एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष पवन पांडे ने कहा कि मांगें पूरी न होने पर धरना-प्रदर्शन और कार्यबहिष्कार शुरू किया जाएगा, जिसमें चारधाम यात्रा ड्यूटी का बहिष्कार भी शामिल होगा।



