दमुवाढूंगा में जल संस्थान ने हटाई पाइपलाइन से वाल्व, अधिकांश हिस्सों में जलापूर्ति बहाल
हल्द्वानी के वार्ड नंबर 37 दमुवाढूंगा क्षेत्र में पानी के संकट का समाधान हो गया है। जल संस्थान ने प्रदर्शन के बाद पाइपलाइन से एक वाल्व हटा दिया, जिससे पानी की आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है। हालांकि, उत्तरांचल कॉलोनी में अभी भी समस्या बनी हुई है। अधिकारियों ने सुधार का वादा किया है।

हल्द्वानी, संवाददाता। वार्ड नंबर 37 दमुवाढूंगा क्षेत्र में पानी के संकट को लेकर शनिवार को जल संस्थान में हुए प्रदर्शन और तालाबंदी का बड़ा असर देखने को मिला है। जनता के भारी दबाव के बाद जल संस्थान ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पाइपलाइन में लगाए उस वाल्व को हटा दिया है, जिसके कारण पानी का प्रेशर कम हो गया था। सामाजिक कार्यकर्ता मन्नू गोस्वामी ने बताया कि विभाग की ओर से वाल्व हटाए जाने के बाद क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में पानी की आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है। पिछले कई दिनों से बूंद-बूंद को तरस रही जनता को इस कार्रवाई से बड़ी राहत मिली है।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तरांचल कॉलोनी में अभी भी पानी की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू नहीं हो पाई है, जिससे वहां के निवासी अभी भी परेशान हैं। विभागीय अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया है कि पाइपलाइन नेटवर्क पर मरम्मत और सुधार का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। मन्नू गोस्वामी के अनुसार, अधिकारियों ने वादा किया है कि आगामी तीन दिनों के भीतर शेष बचा हुआ काम भी पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद उत्तरांचल कॉलोनी सहित पूरे क्षेत्र में नियमित और पर्याप्त दबाव के साथ पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी।


