विश्व स्तरीय बॉक्सिंग रिंग आपसी खींचतान के कारण हल्द्वानी स्टेडियम भेज दिया गया है।
नैनीताल को मिला विश्व स्तरीय बॉक्सिंग रिंग आपसी खींचतान के कारण हल्द्वानी स्टेडियम भेज दिया गया है। यह ग्रीनहिल कंपनी का विश्व यूथ चैंपियनशिप स्तर का रिंग था, जिसका उपयोग जकार्ता में हुआ था।
.
इसे 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए पिथौरागढ़ को दिया गया था। खेलों के समापन के बाद, खेल सचिव ने इस रिंग को कोटद्वार, नैनीताल और पिथौरागढ़ को आवंटित किया था। कुछ समय पहले महिला दिवस पर खेल विभाग के अधिकारियों के साथ हुई घटना के बाद, नैनीताल के बॉक्सिंग खिलाड़ियों के लिए लगाए जा रहे इस रिंग को हल्द्वानी स्थानांतरित कर दिया गया।
पिछले साल अक्टूबर के अंत में नैनीताल में इसी रिंग पर अखिल भारतीय महिला फेडरेशन कप बॉक्सिंग प्रतियोगिता सफलतापूर्वक आयोजित की गई थी। इस दौरान देशभर से आए बॉक्सिंग विशेषज्ञों ने रिंग और उसकी व्यवस्था की सराहना की थी।
जिला खेल अधिकारी (डीएसओ) निर्मला पंत ने बताया कि रिंग को सुरक्षा कारणों से हल्द्वानी भेजा गया है। उन्होंने कहा कि नैनीताल में खेल प्रशिक्षकों की सेवाएं वर्तमान में स्थगित हैं, जिससे रिंग की उचित देखरेख संभव नहीं हो पाती। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जब भी नैनीताल में कोई बॉक्सिंग प्रतियोगिता होगी, रिंग वापस लाया जाएगा।
डी.एस.ए. के नवनियुक्त महासचिव मनोज जोशी ने कहा कि फ्लैट्स मैदान में पूर्ववत खेल जारी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बॉक्सिंग रिंग, जिम या किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि इससे ऐतिहासिक खेल मैदान को नुकसान होगा। जोशी ने कहा कि उन्होंने वर्षों से यहां बॉक्सिंग होते देखी है, लेकिन भविष्य की योजनाएं सभी की सहमति से बनाई जाएंगी।
नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने कहा कि बॉक्सिंग रिंग को हल्द्वानी ले जाने दिया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि नैनीताल के फ्लैट्स मैदान में बॉक्सिंग सहित अन्य सभी खेलों को वे और उनकी टीम बढ़ावा देंगी।

