नैनीताल जिले में हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की आवाजाही रही। जगह-जगह वीर हनुमाना अति बलवाना…, प्यारे बजरंग बली… आदि भजनों की गूंज रही। विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया था। हल्द्वानी के रामलीला मोहल्ला स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर में विशेष आयोजन हुए। दिन की शुरुआत हवन-यज्ञ के साथ हुई। इसके बाद मंदिर में सुंदरकांड का पाठ हुआ। दोपहर में महंत विवेक शर्मा ने महाआरती की। पूजा के बाद श्रद्धालुओं को छप्पन भोग, चूरमा और लड्डू का प्रसाद वितरित किया गया। हिम्मतपुर तल्ला स्थित त्रिमूर्ति मंदिर में भजन गायक राजू नैनवाल ने भजनों के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहां पूर्व दर्जा राज्यमंत्री महेश शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कमलेश शर्मा, भुवन शर्मा, राजेंद्र शर्मा, तारा शर्मा, पूरन सिंह खनी आदि मौजूद रहे। श्री लटूरिया महाराज आश्रम में हनुमान जयंती पर सिंदूरी हनुमान जी का फूलों से शृंगार किया गया। वहां डॉ. एससी अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, प्रेम गुप्ता, राजीव अग्रवाल, विपिन गुप्ता आदि थे।
गौलापार रोड स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर से महंत कालूगिरि महाराज के नेतृत्व शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा के बाद मंदिर में हनुमान जी को 291 किलो के लड्डू का भोग लगाया। वहां महंत सोमेश्वर गिरी, गब्बर गिरी, महंत निरंजन गिरी, हिमांशु जोशी, विजय पंत, प्रदीप बिष्ट आदि थे। शिवाशीष कॉलोनी में स्थित हनुमान मंदिर में सुंदरकांड का पाठ किया गया। मंडी में भी आयोजन हुआ।

