विश्व स्वास्थ्य दिवस पर दिया फिटनेस का संदेश, दैनिक जागरण और साईं अस्पताल की ओर से निकाली गई साइकिल रैली
Updated: Tue, 07 Apr 2026 12:31 PM (IST)
विश्व स्वास्थ्य दिवस पर हल्द्वानी में दैनिक जागरण और साईं अस्पताल ने साइकिल रैली निकाली। इसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने हिस्सा लिया, जबकि महिलाओ …और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मंगलवार को बेहतर सेहत का संदेश देते हुए हल्द्वानी में साइकिल रैली निकाली गई। दैनिक जागरण और साईं अस्पताल की ओर से निकाली गई साइकिल रैली में बच्चों से लेकर बुजुर्गों ने हिस्सा लिया। वहीं महिलाओं ने संगीत की धुन के साथ जुंबा किया। रैली में हिस्सा लेने पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए।
स्वास्थ्य की ओर एक कदम साइकिल के संग थीम पर आधारित साइकिल रैली मुखानी स्थित साईं अस्पताल से फतेहपुर तक निकाली गई। दैनिक जागरण के महाप्रबंधक राघवेंद्र चड्ढा, समाचार संपादक विजय यादव और साईं अस्पताल के डायरेक्टर मोहन सती ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उत्साहित प्रतिभागियों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगाए। रैली में पहुंचे 63 वर्षीय दीप चंद्र पांडे ने साइकिल चलाकर संदेश दिया कि सेहतमंद रहने के लिए शारीरिक गतिविधियां, व्यायाम करना जरूरी है। उन्होंने अपनी ऊर्जा से युवाओं को भी प्रभावित किया।
सिस्टम को नींद से जगाता है दैनिक जागरण
सिटी मजिस्ट्रेट ने स्वस्थ जीवनशैली का महत्व बताते हुए कहा कि हम जीवन में कितनी भी धन, संपदा, ऐश्वर्य वैभव कमा लें, लेकिन उसे तब ही भोग पाते हैं, जब हमारा शरीर स्वस्थ हो। वीर भोग्य वसुंधरा यानी जो स्वस्थ होगा वही वीर होगा। इसलिए हर दिन अपने स्वास्थ्य के लिए एक घंटा जरूर निकालें।
इसका सकारात्मक प्रभाव हमारे जीवन पर पड़ता है। उन्होंने दैनिक जागरण और साईं अस्पताल का धन्यवाद करते हुए कहा कि दैनिक जागरण वैसी भी सिस्टम को नींद से जगाता रहता है और आज आप सबको सेहतमंद रहने के लिए जगाया है। इसके लिए वह आभारी हैं।

