बहुचर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दून पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। डालनवाला पुलिस ने मामले में नामजद छह फरार आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। साथ ही सभी आरोपियों के फोटो और विवरण के साथ मोस्ट वांटेड वांछित इनामी अपराधी का पोस्टर जारी कर दिया है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी न होने पर इनाम की राशि बढ़ाई जा सकती है।
पुलिस की ओर से जारी पोस्टर के अनुसार, सभी आरोपी कोतवाली डालनवाला में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 30/2026 के तहत वांछित/इनामी हैं। पुलिस ने आमजन को सचेत करते हुए इन आरोपियों की पहचान सार्वजनिक की है। इन सभी आरोपियों के फोटो पोस्टर पर प्रकाशित कर उत्तराखंड के साथ-साथ झारखंड और अन्य राज्यों में भी चस्पा करने की तैयारी की है, ताकि आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इसके अलावा सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद भी ली जा रही है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी इन वांछित अपराधियों के बारे में कोई जानकारी मिलती है तो तत्काल कोतवाली डालनवाला से संपर्क करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
विदित हो कि राजधानी के पॉश इलाके राजपुर रोड में सिल्वर सिटी मॉल के अंदर झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अर्जुन सुबह जिम करके बाहर निकल रहा था, तभी सीढि़यों के पास पहले से घात लगाए शूटरों ने उसके सिर से पिस्टल सटाकर गोली मार दी थी। इसके बाद वह फरार हो गए थे। उत्तराखंड पुलिस ने मामले में झारखंड से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें झारखंड समेत उनके संभावित ठिकानों में दबिश दे रही है।
Dehradun: चुना भट्टा के पास खंडहर में मिला युवती का शव, हत्या की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

