मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी के एमबी इंटर कॉलेज मैदान से नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत आयोजित रन फॉर अवेयरनेस रैली का शुभारंभ किया।
रैली से पहले सभा में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह दौड़ मात्र शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि एक स्वस्थ, समृद्ध और नशे से मुक्त उत्तराखंड के संकल्प की दौड़ है। आप सभी यहां से कदम आगे बढ़ाएंगे, तो यह संदेश पूरे प्रदेश में जाना चाहिए कि उत्तराखंड का युवा अब नशे को ‘ना’ कह रहा है और जीवन को हां कह रहा है।
नशा साइलेंट वार, निशाना है युवा शक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा एक साइलेंट वार की तरह फैल रहा है।इसका सबसे बड़ा निशाना हमारी युवा शक्ति है। मजाक-मजाक में युवा नशे की चपेट में आ जाते हैं और वहां से लौटना बहुत मुश्किल हो जाता है। यह न सिर्फ व्यक्ति, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों को संकट में डाल देता है।
प्रधानमंत्री की प्रेरणा से मिशन मोड पर राज्य सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2020 में शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार इस दिशा में मिशन मोड पर काम कर रही है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने की है गिरफ्तारी
वर्ष 2022 में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा हजारों आरोपियों की गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की गई है। साथ ही एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) केंद्रों का संचालन किया जा रहा है और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी एटीएफ केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
Uttarakhand: भीमताल पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बिरला संस्थान में तीन दिवसीय कार्यक्रम का किया शुभारंभ

