नैनीताल। अप्रैल में मौसम के बदलते मिजाज ने नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को बीमार कर दिया है। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण लोग सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। मरीजों के बढ़ते दबाव के कारण स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है।
सीएमओ डॉ. हरीश चंद्र पांडे ने बताया कि जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों में इन दिनों ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। खासकर बच्चे और बुजुर्ग ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, डॉक्टरों की तैनाती और आपात सेवाओं को सुचारु बनाने पर जोर दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि बदलते मौसम में सावधानी बरतें। ठंड-गर्म से बचाव के साथ लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। संवाद

