अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना परिसर के अधीन कुर्मांचल और शैलजा छात्रावासों के जर्जर भवनों से छात्र-छात्राओं को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने दोनों छात्रावासों के सुधारीकरण के लिए शासन को दो करोड़ 84 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा है। इस पहल से 150 से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
वर्तमान में कुर्मांचल छात्रावास में 50 छात्र और शैलजा छात्रावास में 100 छात्राएं रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। कुर्मांचल छात्रावास की छत हल्की बारिश में भी टपकने लगती है। साथ ही शैलजा छात्रावास के भवन की हालत भी ठीक नहीं है, जिससे विद्यार्थियों को हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सुधारीकरण की आवश्यकता
लंबे समय से इन छात्रावासों की छतों का सुधारीकरण कार्य नहीं हुआ है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा और बेहतर आवासीय सुविधा सुनिश्चित करने के लिए यह प्रस्ताव तैयार किया है। इस योजना के धरातल पर उतरने से छात्रावासों में रहने वाले छात्रों को सुरक्षित और आरामदायक वातावरण मिल पाएगा।
– छात्रावासों के सुधारीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। उम्मीद है कि इसे शासन से जल्द स्वीकृति मिलेगी। इसका सीधा लाभ यहां रहने वाले विद्यार्थियों को पहुंचेगा।
-अमित कुमार त्रिपाठी, वित्त अधिकारी एसएसजे विवि अल्मोड़ा

