हल्द्वानी। त्रिपुरेश्वरी शक्ति पीठ श्रीबालाजी मंदिर की ओर से हनुमान जयंती पर शोभायात्रा निकाली गई। इसमें पंचमुखी हनुमान, राम दरबार, मां काली के अखाड़े, महाकाल की भस्म आरती, लंका दहन और भगवान जगन्नाथ की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान वीर हनुमाना अति बलवाना…, जयकारा वीर बजरंगी…और राम को मांग ले प्यारे… के भजनों से पूरा शहर भक्ति में डूब गया।
बुधवार को व्यवस्थापक पूरन चंद्र पाठक, विधायक सुमित हृदयेश, आंचल डेयरी अध्यक्ष मुकेश बोरा और कार्यक्रम संयोजक अतुल गुप्ता ने संयुक्त रूप से ध्वज पूजन किया। शोभायात्रा का शुभारंभ बरेली रोड स्थित लक्ष्मी शिशु मंदिर से हुआ जो यात्रा सिंधी चौराहा, कालाढूंगी चौराहा, जेल रोड और मुखानी होते हुए रूपनगर स्थित बालाजी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। संयोजक अतुल गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार को मंदिर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहां जय प्रकाश अग्रवाल, गोविंद सिंह रौतेला, खीमानंद बृजवासी, दीप चंद्र तिवाड़ी, संजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

