aajtak.in | नई दिल्ली | 16 मार्च 2026, 8:47 AM IST
राज्यसभा की 11 सीटों के लिए आज वोटिंग हो रही है. सबकी नजर विशेष रूप से बिहार, हरियाणा और ओडिशा पर है जहां रोचक मुकाबला होने की उम्मीद है. दरअसल इस बार राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव होना था जिसमें से 26 कैंडिडेट पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं. अब बिहार की पांच, ओडिशा की चार और हरियाणा की दो सीटों पर आज वोटिंग है.
bihar haryana odisha rajya sabha election
देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए जारी चुनावी प्रक्रिया आज अपने अंतिम चरण में है. 37 में से 26 उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जिनमें शरद पवार और रामदास अठावले जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं. अब सारा ध्यान उन 11 सीटों पर है जहां उम्मीदवारों की संख्या उपलब्ध सीटों से अधिक होने के कारण आज वोटिंग हो रही है. वोटिंग सुबह 9 बजे से शुरू होगी और चार बजे नतीजे घोषित किए जाएंगे.
जिन सीटों पर वोटिंग हो रही है उनमें बिहार (5 सीटें), ओडिशा (4 सीटें) और हरियाणा (2 सीटें) शामिल हैं. बिहार की 5 सीटों के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (JDU), केंद्रीय राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर (JDU), बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, और शिवेश कुमार (BJP) की जीत लगभग तय मानी जा रही है. पांचवी सीट के लिए एनडीए समर्थित उपेंद्र कुशवाहा (RLM) और आरजेडी के अमरेंद्र धारी सिंह के बीच सीधी टक्कर है. ओडिशा में भी 4 सीटों के लिए 5 उम्मीदवार हैं. वहीं हरियाणा में 2 सीटों के लिए 3 उम्मीदवार मैदान में हैं.
3 राज्य, 11 राज्यसभा सीट… कैसे बिहार में फंसा एनडीए तो हरियाणा-ओडिशा में कांग्रेस की बढ़ी टेंशन
8:47 AM (एक मिनट पहले)
Rajya Sabha Election Voting: बिहार में दिलचस्प हुई जंग
Posted by :- Kishor
बिहार राज्यसभा चुनाव में एक सीट के लिए 41 वोटों की दरकार है. एनडीए (128 विधायक) के चार उम्मीदवार आसानी से जीत रहे हैं, लेकिन पांचवीं सीट पर उपेंद्र कुशवाहा और आरजेडी के अमरेंद्र सिंह के बीच कड़ा मुकाबला है. आरजेडी को एआईएमआईएम के 5 और बसपा के 1 विधायक का समर्थन मिलने से उनका आंकड़ा 41 तक पहुंचता दिख रहा है, जिससे कुशवाहा की राह मुश्किल हो गई है. अब सबकी नजरें कांग्रेस विधायकों के रुख और संभावित ‘खेला’ पर टिकी हैं.
8:25 AM (23 मिनट पहले)
Rajya Sabha Polls: कांग्रेस ने लगाया विधायकों को रिश्वत देने का आरोप
Posted by :- Kishor
ओडिशा में राज्यसभा चुनावों से पहले क्रॉस-वोटिंग की आशंकाओं के बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कोरापुट के सांसद सप्तगिरी उलका ने रविवार को आरोप लगाया कि बेंगलुरु के एक होटल में ठहरे पार्टी विधायकों को 5-5 करोड़ रुपये की रिश्वत देने की कोशिश की गई. उलका ने यह आरोप ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (OPCC) द्वारा जारी एक वीडियो संदेश में लगाया.
8:15 AM (33 मिनट पहले)
Rajya Sabha Polls Haryana: हरियाणा कांग्रेस के विधायक हिमाचल प्रदेश के कसौली भेजे गए
Posted by :- Kishor
राज्यसभा चुनावों से एक दिन पहले, हरियाणा कांग्रेस के 31 विधायकों को, जो शिमला के पास कुफरी में दो रिसॉर्ट में ठहरे हुए थे, उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच सोलन जिले के कसौली भेज दिया गया. हरियाणा विधानसभा में 37 सदस्यों वाली कांग्रेस के पास अपने उम्मीदवार को एक सीट जिताने के लिए ज़रूरी संख्या बल मौजूद है लेकिन उसे क्रॉस वोटिंग का डर है.
8:10 AM (38 मिनट पहले)
Rajya Sabha Election Bihar: बिहार में शनिवार को चला बैठकों का दौर
Posted by :- Kishor
बिहार में वोटिंग से एक दिन पहले यानि शनिवार को जबरदस्त हलचल देखने को मिली और बैठकों का दौर जारी रहा. जहां NDA खेमे ने उन विधायकों के साथ बीजेपी और जेडीयू नेताओं ने बैठक की तो वहीं RJD अपने इकलौते उम्मीदवार के पक्ष में समर्थन जुटाने में लगी रही.
8:06 AM (42 मिनट पहले)
Odisha Rajya Sabha Election 2026: बीजेडी ने निलंबित विधायकों को दी चेतावनी
Posted by :- Kishor
विपक्षी पार्टी BJD ने रविवार शाम अपने दो निलंबित विधायकों से कहा कि वे राज्यसभा चुनावों में पार्टी लाइन के अनुसार ही वोट दें, वरना उनकी पार्टी की सदस्यता रद्द हो सकती है.पटकुरा के विधायक अरविंद महापात्रा और चंपुआ के विधायक सनातन महाकुड को 15 जनवरी को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में BJD से निलंबित कर दिया गया था.

