Red Bull पीते एक्सप्रेसवे पर बना रहा था रील, पीछे से आए कैंटर ने मारी टक्कर, 12वीं के छात्र की मौत

Date:

सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया. हरियाणा के नूंह जिले में हुए इस हादसे में 12वीं के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना का खौफनाक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

बताया जा रहा है कि युवक एक्सप्रेसवे पर रेडबुल पीते हुए रील बना रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कैंटर वाहन आया और तीनों युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

यह भी पढ़ें: क्रिकेट मैच के विवाद में दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी, नूंह में कई घायल, 9 गिरफ्तार

सम्बंधित ख़बरें

रील बनाते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, शनिवार को 12वीं का छात्र मोइन पुत्र याकूब, निवासी शाहपुर नगली अपने दो दोस्तों के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर घूमने गया था. तीनों युवक बाइक से एक्सप्रेसवे के चेंबर नंबर 59 के पास पहुंचे. वहां उन्होंने अपनी बाइक एक्सप्रेसवे के नीचे सड़क पर खड़ी कर दी और ऊपर एक्सप्रेसवे पर चढ़ गए.

इसके बाद तीनों ने मोबाइल से रील बनाना शुरू कर दिया. मोइन हाथ में रेडबुल लेकर एक्सप्रेसवे की सड़क पर चल रहा था और उसका एक दोस्त उसके साथ चल रहा था, जबकि तीसरा दोस्त मोबाइल से उनका वीडियो बना रहा था. इसी दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार कैंटर ने तीनों को टक्कर मार दी.

देखें वीडियो…

अस्पताल में मोइन को मृत घोषित किया गया

हादसा इतना दर्दनाक था कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. इसके बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया.

अस्पताल में डॉक्टरों ने मोइन को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोनों दोस्तों का इलाज जारी है. हादसे की सूचना मृतक और घायलों के परिजनों को दे दी गई है. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

पुलिस जांच में जुटी, लोगों से की अपील

इस मामले में फिरोजपुर झिरका थाना पुलिस ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. कैंटर वाहन की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

वहीं, एनएचएआई के सोहना पीडी के पीके कौशिक ने कहा कि एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार काफी तेज रहती है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए. उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे पर इस तरह खुले में रील बनाना खतरनाक है और बीच सड़क पर रुकना भी कानूनन अपराध है. एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम लगातार निगरानी करती है और ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है.

—- समाप्त —-

Live TV

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related