आंख के ऑपरेशन के बाद मजदूर की मौत, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप
संतोष जोशी हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। रामनगर निवासी एक मजदूर की आंख के ऑपरेशन के बाद

संतोष जोशी हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। रामनगर निवासी एक मजदूर की आंख के ऑपरेशन के बाद मौत हो गई। परिजनों ने ऑपरेशन करने वाले निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए गुरुवार को पुलिस कोतवाली का घेराव किया। आक्रोशित परिजनों ने चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। शाम तक हुई वार्ता के बाद पोस्टमार्टम कराने को तैयार हुए।ग्राम जस्सा गाजा, रामनगर निवासी राजेश पुत्र रामबहादुर ने तहरीर देकर बताया कि 28 मार्च को गांव में ही उसके बड़े भाई 38 वर्षीय राजपाल की आंख में पत्थर तोड़ते हुए कंक्रीट लग गया।
परिजन राजपाल को उपचार के लिए हल्द्वानी के ठंडी सड़क स्थित आंख के एक निजी अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टर की सलाह के बाद सर्जरी कराई। इस दौरान तीन से चार बार निजी अस्पताल के चक्कर लगाए और दवाएं लीं। आरोप है कि आंख में दर्द बढ़ने की शिकायत की तो डॉक्टर ने ऑपरेशन की सलाह दी। बुधवार शाम छह से साढ़े नौ बजे तक ओटी रूम में ऑपरेशन हुआ। राजेश के अनुसार, ऑपरेशन के दौरान उसके भाई की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद अस्पताल स्टाफ रातों-रात भाई को दूसरे निजी अस्पताल ले गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों ने आरोप लगाया कि आंख के ऑपरेशन के दौरान इलाज में कोताही बरती गई। डॉक्टरों की लापरवाही से उसके भाई की जान गई। आक्रोशित परिजन गुरुवार को कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। सीओ अमित सैनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।सुबह सात बजे ही कोतवाली पहुंच गए परिजनपीड़ित परिवार ने पुलिस से साफ कहा कि जब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती, वह शव का पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। सुबह सात बजे ही परिवार वाले हल्द्वानी कोतवाली पहुंच गए। डॉक्टरों को कोतवाली बुलाने की मांग करने लगे। छह घंटे बाद दोपहर एक बजे पुलिस ने तहरीर रिसीव की। वहीं शाम तक हुई वार्ता के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।हत्या का मुकदमा दर्ज हो, मिले मुआवजापरिजनों ने कहा कि मृतक के आठ बच्चे हैं। पत्नी उनका पालन पोषण कैसे करेगी। उन्होंने आरोपी डॉक्टरों पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने, पीड़ित परिवार को अस्पताल की ओर से 40 लाख रुपये मुआवजा दिलाने की बात कही। पूर्व दर्जाधारी हरीश पनेरू भी पीड़ित परिवार के समर्थन में कोतवाली पहुंचे और पुलिस से कार्रवाई की बात कही।


