आंख के ऑपरेशन बाद मरीज की मौत, पुलिसकर्मी से लिपटकर फूट-फूट कर रोए परिजन, न्याय की लगाई गुहार
हल्द्वानी में आंख के ऑपरेशन के दौरान श्रमिक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने डॉक्टरों ने लगाए लापरवाही के आरोप, हंगामे से गरमाया माहौल
![]()
पुलिसकर्मी से लिपटकर फूट-फूट कर रोए परिजन
(
फोटो सोर्स- ETV Bharat
)

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : April 17, 2026 at 6:39 PM IST
हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में आंख के ऑपरेशन के बाद एक श्रमिक की जान चली गई. जिस पर परिजनों ने डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया. हंगामा बढ़ा तो पुलिस मौके पर पहुंची. जहां परिजन, पुलिसकर्मी के गले लगकर फूट-फूट कर रोए और न्याय की गुहार लगाई. उनका कहना था कि अब 8 बच्चों को कौन पालेगा?
क्या था पूरा मामला? जानकारी के मुताबिक, बीती 28 मार्च को रामनगर क्षेत्र के जरसा गांजा गांव के राजपाल की आंख में पत्थर तोड़ते समय कंकरी लग गई थी, जिससे उनकी आंख में गंभीर समस्या हो गई थी. इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए हल्द्वानी के एक आई हॉस्पिटल लेकर पहुंचे.
डॉक्टरों ने की आंख की सर्जरी: परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद ऑपरेशन की सलाह दी और कहा कि यदि सर्जरी नहीं कराई गई तो आंख खराब भी हो सकती है. डॉक्टर की सलाह पर परिजनों ने ऑपरेशन के लिए हामी भरी. पहली सर्जरी के बाद कुछ दिन तक दवाइयां चलती रही और मरीज को कई बार अस्पताल बुलाकर जांच भी की गई.

आंख के ऑपरेशन बाद मरीज की मौत (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
दूसरी बार ऑपरेशन के दौरान बिगड़ी तबीयत: बताया जा रहा है कि बाद में डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन की जरूरत बताई, जिसके चलते 15 अप्रैल की शाम को राजपाल का दूसरा ऑपरेशन किया गया. परिजनों के मुताबिक, यह ऑपरेशन शाम करीब साढ़े 6 बजे शुरू हुआ और रात करीब 9 बजकर 40 मिनट तक चला.
स्थिति बिगड़ने पर दूसरे अस्पताल ले गए परिजन: ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने मरीज का ब्लड प्रेशर अचानक बढ़ने की बात कही और हालत गंभीर बताई. स्थिति बिगड़ने पर परिजन तत्काल राजपाल को ठंडी सड़क स्थित दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने जांच पड़ताल के उन्हें मृत घोषित कर दिया.

परिजनों का हंगामा (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
अस्पताल में जमकर हुआ हंगामा: इस घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया. परिजन सीधे आई अस्पताल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया. उन्होंने अस्पताल प्रशासन और संबंधित डॉक्टर पर लापरवाही के आरोप लगा दिए. हंगामे के बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. जहां एक परिजन रोते हुए पुलिस के गले जा लगा और रोते हुए न्याय की मांग की.

पुलिसकर्मी के गले लगकर रोता परिजन (फोटो सोर्स- ETV Bharat)
“आई अस्पताल के डॉक्टरों ने आंख के ऑपरेशन के लिए कहा था. जिस पर डॉक्टरों ने साढ़े 6 बजे से 9 बजकर 40 मिनट तक करीब 3 घंटे 10 मिनट तक ऑपरेशन किया, लेकिन मरीज की मौत हो गई. यह मौत डॉक्टरों की लापरवाही से हुई है.“- परिजन
8 बच्चों का पिता था मृतक: मृतक के भाई ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. साथ ही मृतक के 8 बच्चों के पालन-पोषण के लिए उचित मुआवजा देने की भी मांग की गई है. वहींस पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
“एक मामला संज्ञान में आया था. जिसमें एक अस्पताल में मरीज का इलाज चल रहा था. उसकी स्थिति गंभीर होने पर दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां उसकी मौत हुई है. परिजनों की तहरीर मिल गई है. मामले में सीएमओ की ओर से डॉक्टरों की लापरवाही को लेकर जांच की जाएगी. जैसे ही उनकी रिपोर्ट आएगी, वैसे ही आगे की प्रक्रिया की जाएगी.“- अमित कुमार सैनी, पुलिस क्षेत्राधिकारी
ये भी पढ़ें-
- उत्तराखंड में इलाज के दौरान मरीज की मौत, निजी अस्पताल ने 2 घंटे इलाज के मांगे 80 हजार रुपए
- देहरादून में मरीज की मौत के बाद एक्शन! प्राइमस अस्पताल का लाइसेंस सस्पेंड, भारी जुर्माना भी लगा
- उत्तराखंड के चार अस्पतालों ने पौड़ी के बीमार अमित को किया रेफर, दिल्ली ले जाते समय हो गई मौत
- हल्द्वानी में डॉक्टर की OPD के बाहर कर रहा था अपनी बारी का इंतजार, कुर्सी में बैठे-बैठे थम गई सांसें


